scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमविदेशअमेरिका: पत्नी की हत्या के आरोप में वांछित भारतीय नागरिक पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित

अमेरिका: पत्नी की हत्या के आरोप में वांछित भारतीय नागरिक पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित

Text Size:

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, 11 मार्च (भाषा) अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने पत्नी की कथित हत्या के आरोपी भारतीय नागरिक के बारे में सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।

इस आरोपी पर पहले 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित था।

भद्रेशकुमार चेतनभाई पटेल (35) पर आरोप है कि उसने 12 अप्रैल 2015 को मैरीलैंड के हैनोवर में चाकू से कई बार वार कर अपनी पत्नी पलक पटेल (21) की हत्या कर दी। यह वारदात उस दुकान में हुई जहां दोनों काम करते थे।

जांचकर्ताओं का मानना है कि पटेल ने देर रात दुकान के पिछले कमरे में अपनी पत्नी पर कई बार चाकू से वार किया और फिर पीछे के दरवाजे से भाग गया।

आरोपी को आखिरी बार न्यू जर्सी के नेवार्क इलाके में देखा गया था।

भद्रेशकुमार एफबीआई की ‘‘10 सर्वाधिक वांछित अपराधियों’’ की सूची में शामिल है।

संघीय एजेंसी ने मंगलवार को घोषणा की कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को अब 10 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम दिया जाएगा।

शुरुआत में एफबीआई ने पटेल के बारे में जानकारी देने पर एक लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 2.5 लाख डॉलर कर दिया गया था।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments