scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशब्रिटेन पुलिस ने गांधी प्रतिमा को क्षति पहुंचाने के मामले की जांच शुरू की

ब्रिटेन पुलिस ने गांधी प्रतिमा को क्षति पहुंचाने के मामले की जांच शुरू की

Text Size:

लंदन, 30 सितंबर (भाषा) ब्रिटेन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने लंदन के “टैविस्टॉक स्क्वायर” में महात्मा गांधी की प्रतिमा को पहुंचाई गई क्षति की जांच शुरू कर दी है और पुलिस इसे नस्लीय विद्वेष से जुड़ा अपराध मान रही है।

पुलिस ने कहा कि उसे रविवार शाम को प्रतिष्ठित प्रतिमा के पास बुलाया गया था, क्योंकि ऐसी खबरें आई थीं कि प्रतिमा के चबूतरे पर विचलित करने वाले भित्तिचित्रों से उसे विरुपित किया गया है, जिसकी लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘हिंसक हमला’ करार देते हुए निंदा की है।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक बयान में कहा गया है, ‘हमने “टैविस्टॉक स्क्वायर” गार्डन में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने की रिपोर्ट की जांच शुरू कर दी है।’

पुलिस ने कहा, ‘इस घटना को नस्लीय विद्वेष से जुड़ा अपराध माना जा रहा है और जांच जारी है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’ इसने गवाहों से अपील की है कि वे जांच में मदद करने वाली कोई भी जानकारी लेकर सामने आएं।

इस बीच, स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि उनकी स्वच्छता टीमों को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर भेजा गया है।

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग ने सोमवार को प्रतिमा को विरूपित करने की कड़ी निंदा करते हुए इसे गांधी जयंती (बृहस्पतिवार) से कुछ दिन पहले महात्मा गांधी की विरासत पर हमला बताया।

भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, “लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ‘टैविस्टॉक स्क्वायर’ पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना से बेहद दुखी है और इसकी कड़ी निंदा करता है।”

मिशन ने कहा, “यह सिर्फ विरूपित किए जाने की घटना नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा गांधी की विरासत पर हिंसक हमला है। हमने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है और हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद है तथा प्रतिमा को ठीक करने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।”

संयुक्त राष्ट्र ने गांधी जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में नामित किया हुआ है और हर वर्ष दो अक्टूबर को लंदन स्थित स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाती है और गांधीजी के पसंदीदा भजन गाये जाते हैं।

इंडिया लीग के सहयोग से निर्मित इस कांस्य प्रतिमा का अनावरण 1968 में किया गया था। ये प्रतिमा महात्मा गांधी के उन दिनों को याद करते हुए स्थापित की गयी थी, जब वह पास के यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में कानून के छात्र थे।

भाषा

नोमान अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments