scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमविदेशजपोरिजिया परामणु ऊर्जा संयंत्र में दो रिएक्टर चालू हालत में हैं : यू्क्रेन ने आईएईए से कहा

जपोरिजिया परामणु ऊर्जा संयंत्र में दो रिएक्टर चालू हालत में हैं : यू्क्रेन ने आईएईए से कहा

Text Size:

कीव, छह मार्च (भाषा) यू्क्रेन ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) से कहा है कि देश के सबसे बड़े जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के छह में से दो रिएक्टर काम कर रहे हैं और विकिरण का स्तर सामान्य है। आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित इस संयंत्र पर नियंत्रण के लिए रूसी सेना ने कुछ दिन पहले हमला किया था।

ग्रोसी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यू्क्रेन के नियामक प्राधिकरण और संयंत्र प्रबंधन ने संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था को बताया कि तकनीकी सुरक्षा प्रणाली अक्षुण्ण है और एक टेलीफोन संचार लाइन टूट गई थी, लेकिन दूसरी अब भी काम कर रही है।

बयान में कहा गया है, ‘‘यू्क्रेन के अधिकारियों ने आईएईए को बताया कि संयंत्र का प्रशिक्षण केंद्र रिएक्टर इकाइयों से अलग स्थित है, जिसे चार मार्च के हमले के दौरान काफी नुकसान पहुंचा। ’’

इसमें कहा गया है कि संयंत्र के प्रयोगशाला भवन और एक प्रशासनिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

आईएईए के मुताबिक, यूक्रेन के तीन अन्य परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा प्रणालियां काम कर रही हैं और नियामक को संयंत्रों में विकिरण के स्तर के बारे में लगातार ऑनलाइन निगरानी डेटा मिल रहे हैं।

नियामक ने कहा कि उसके कुल नौ में छह रिएक्टर अभी चालू हालत में हैं।

नियामक ने कहा कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयत्र पिछले हफ्ते से रूस के कब्जे में है लेकिन 23 फरवरी से तकनीकी कर्मचारियों और प्रहरियों को आराम नहीं दिया गया है।

ग्रोसी ने यूक्रेन के परमाणु संयंत्रों को संचालित करने वाले कर्मचारियों को आराम देने की जरूरत पर जोर दिया ताकि वे अपना काम सुरक्षित तरीके से कर सकें।

भाषा सुभाष शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments