scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमविदेशश्रीलंका में इजराइली नागरिकों पर आतंकवादी हमले की साजिश रचने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

श्रीलंका में इजराइली नागरिकों पर आतंकवादी हमले की साजिश रचने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Text Size:

कोलंबो, 24 अक्टूबर (भाषा) श्रीलंका में इजराइल के नागरिकों पर आतंकवादी हमले करने की साजिश रचने के संदेह में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि भारत द्वारा इस संभावित खतरे के बारे में खुफिया जानकारी उपलब्ध कराए जाने के बाद ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में संभावित हमले की सूचना के बाद पूर्वी तट के ‘अरुगाम बे’ स्थित ‘सर्फिंग रिसॉर्ट’ में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के आतंकवाद जांच प्रभाग ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि ‘अरुगम बे’ में सुरक्षा अलर्ट के संबंध में भारत द्वारा खुफिया जानकारी साझा किए जाने के कारण दोनों को गिरफ्तार किया गया है।

इसमें कहा गया है कि संदिग्धों में से एक इराक से श्रीलंका आया था। पुलिस ने बताया कि उसे सात अक्टूबर को संभावित हमले की सूचना मिली थी जिसके बाद दो सप्ताह पहले इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

भारत ने सुरक्षा के संबंध में जारी किए गए अलर्ट में बताया था कि 19 से 23 अक्टूबर के बीच यह हमला हो सकता है।

कोलंबो स्थित अमेरिकी दूतावास और ब्रिटेन के उच्चायोग ने बुधवार को बयान जारी कर अपने नागरिकों को चेताया था कि उन्हें ‘अरुगम बे’ में हमला होने की पुख्ता जानकारी मिली है इसलिए पर्यटकों से आग्रह है कि वे अगली सूचना तक उस क्षेत्र में न जाएं।

भाषा प्रीति संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments