scorecardresearch
Friday, 17 May, 2024
होमविदेशश्रीलंका की नौसेना ने अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 32 भारतीय मछुआरे पकड़े

श्रीलंका की नौसेना ने अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 32 भारतीय मछुआरे पकड़े

Text Size:

कोलंबो, 21 मार्च (भाषा) श्रीलंका के तलाईमन्नार तट और डेल्फ्ट उपद्वीप के समीप समुद्री सीमा में बुधवार को कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर श्रीलंकाई नौसेना ने कम से कम 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।

बयान के अनुसार नौसेना ने तलाईमन्नार में सात भारतीय मछुआरों को दो नौकाओं के साथ तथा डेल्फ्ट उपद्वीप के पास 25 भारतीय मछुआरों को तीन नौकाओं के साथ पकड़ा ।

बयान के मुताबिक सात मछुआरों और उनकी दो नौकाओं को तलाईमन्नार गोदी में लाया गया जबकि 25 मछुआरों और उनकी तीन नौकाओं को कंकासंथुरई बंदरगाह ले जाया गया। इन मछुआरों और उनकी नौकाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए क्रमश: मन्नार एवं मैलाडी के मात्स्यिकी निरीक्षकों को सौंपा जाएगा।

नौसेना ने 2024 में अबतक 23 भारतीय नौकाओं और 178 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है और उन्हें कानूनी कार्रवाई के वास्ते प्रशासन को सौंपा है।

मछुआरा मुद्दा भारत एवं श्रीलंका के आपसी रिश्ते में एक विवादास्पद मुद्दा है। श्रीलंकाई समुद्री सीमा में अवैध रूप से घुस जाने की कई कथित घटनाओं में पाक जलडमरूमध्य में श्रीलंका के नौसैनिक भारतीय मछुआरों पर गोलियां भी चला देते हैं और उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं।

पाक जलडमरूमध्य श्रीलंका को तमिलनाडु से अलग करने वाली संकरी जलपट्टी है जो दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछलियां पकड़ने की जगह है।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments