scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमविदेशश्रीलंका: तेल रिसाव से कोलंबो का तीन किलोमीटर से अधिक समुद्र तट प्रदूषित, सफाई अभियान शुरू

श्रीलंका: तेल रिसाव से कोलंबो का तीन किलोमीटर से अधिक समुद्र तट प्रदूषित, सफाई अभियान शुरू

Text Size:

कोलंबो, 23 नवंबर (भाषा) श्रीलंका के कोलंबो बंदरगाह पर तेल रिसाव के कारण मुतुवाल समुद्र तट सहित तीन किलोमीटर से अधिक लंबा तटीय इलाका प्रदूषित होने के बाद तेल के फैलाव को रोकने और प्रभावित इलाकों की सफाई के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह कोलंबो बंदरगाह के ‘जया कंटेनर टर्मिनल’ (जेसीटी) संख्या 108 पर स्थित एक भंडारण टैंक से तेल का रिसाव हुआ। इस टैंक की क्षमता लगभग 1,000 टन थी और घटना के समय यह पूरी तरह भरा हुआ था।

श्रीलंका सरकार के आधिकारिक समाचार पोर्टल ‘न्यूज डॉट एलके’ की खबर के मुताबिक, टैंक के क्षतिग्रस्त निकासी वाल्व से मरीन गैस ऑयल (एमजीओ) का रिसाव हुआ। एमजीओ एक हल्का और परिष्कृत पेट्रोलियम ईंधन है।

खबर के अनुसार, श्रीलंका बंदरगाह प्राधिकरण (एसएलपीए) ने शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब साढ़े दस बजे तेल के रिसाव को रोक दिया। घटना की सूचना मिलने के लगभग एक घंटे के भीतर रिसाव पर काबू पा लिया गया था।

हालांकि, तब तक रिसे हुए तेल का कुछ हिस्सा शहर की जल निकासी नहर के रास्ते समुद्र में पहुंच चुका था। इसके कारण मुतुवाल समुद्र तट और बी-गेट लंगर क्षेत्र सहित तीन किलोमीटर से अधिक लंबा तटीय इलाका प्रभावित हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि समुद्री पर्यावरण संरक्षण प्राधिकरण (एमईपीए) ने श्रीलंका बंदरगाह प्राधिकरण और श्रीलंका तटरक्षक बल के साथ मिलकर तेल के फैलाव को रोकने तथा प्रदूषित तटीय क्षेत्रों की सफाई का अभियान शुरू किया ।

उन्होंने बताया कि सोमवार को भी सफाई अभियान जारी रहा। इसके तहत समुद्र और तटीय क्षेत्रों में फैले तेल को हटाने, पर्यावरण को होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने तथा प्रभावित तटीय क्षेत्रों को फिर से स्वच्छ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments