scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमविदेशसिक्किम की रिनजिंग भूटिया महिला सशक्तीकरण हेतु 'हर्बल' उत्पादों का व्यापार बढ़ा रहीं

सिक्किम की रिनजिंग भूटिया महिला सशक्तीकरण हेतु ‘हर्बल’ उत्पादों का व्यापार बढ़ा रहीं

Text Size:

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, तीन अगस्त (भाषा) महिला उद्यमी रिनजिंग चोडेन भूटिया हिमालय में पाई जाने वाली औषधियों और पादप उत्पाद के अपने महिलाओं की भागीदारी वाले कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। भूटिया इसके लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से 500,000 अमेरिकी डॉलर के संभावित दूसरे दौर का वित्तपोषण हासिल करने में भी जुटी हैं।

भूटिया ने बुधवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हस्तनिर्मित साबुन और त्वचा की देखभाल से जुड़े उत्पाद महिलाओं विशेषतौर पर यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं व आदिवासी गृहणियों द्वारा तैयार किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचने चाहिए, लेकिन इसकी राह में पैसा (फंड) जुटाना चुनौती है।

दो बच्चों की मां भूटिया को पूरा विश्वास है कि वह सिक्किम की उन करीब 300 महिलाओं के लिए प्रभावी कार्य कर पाएंगी जिन्हें ‘अगापी सिक्किम ’ ने प्रशिक्षित किया था। अगापी सिक्किम एक ‘स्टार्टअप’ है जिसे 2022 में शुरू किया गया और यह तीते पाती, हल्दी और एलोवेरा जैसी सामग्रियों (वनस्पतियों) से साबुन और त्वचा देखभाल उत्पाद का विनिर्माण करता है।

भूटिया ने कहा, ‘‘ यह आसान नहीं है, लेकिन 300 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित करने के बाद, हमें अपने आप पर और उपभोक्ताओं को हिमालयी-जैविक उत्पाद प्रदान करने के अपने प्रयास पर विश्वास करना चाहिए।’’

भूटिया ने औषधियों और अन्य पादपों से बेशकीमती उत्पाद बनाने के विचार पर 2019 में काम करना शुरू किया और उन्होंने स्थानीय महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया।

उन्होंने कहा कि नयी प्रशिक्षुओं को इस महीने प्रशिक्षण दिया जाएगा जिनमें 21 एचआईवी संक्रमित महिलाएं हैं।

इस व्यापार की शुरुआत में 100,000 अमेरिकी डॉलर का कोष जुटाया गया।

भूटिया अपने हर्बल और ‘प्लांट’ उत्पाद कारोबार को बढ़ाने में जुटी हैं तथा अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से 500,000 अमेरिकी डॉलर के संभावित दूसरे दौर का वित्तपोषण जुटाने पर भी काम कर रही हैं।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments