वाशिंगटन, 18 सितंबर (भाषा) अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी बढ़ने के बीच दक्षिणी वायोमिंग में एक विश्राम स्थल के शौचालय में एक सिख ट्रक चालक पर चाकू से कई वार किए गए।
स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान ‘सिंह’ के रूप में बताई गई है। उस पर रविवार तड़के दक्षिणी वायोमिंग के ‘बिटर क्रीक रेस्ट एरिया’ में हमला किया गया। वह पेनसिल्वेनिया जाते समय वहां रुका था।
‘काउबॉय स्टेट डेली’ के अनुसार, सिंह को हवाई मार्ग से कैस्पर स्थित वायोमिंग मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
‘द सैक्रामेंटो बी’ की खबर के अनुसार, हमलावर एंड्रयू क्रिस बजैक ने सिंह की बांहों, सीने और पसलियों के आसपास 17 बार चाकू से वार किया। बजैक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के प्रथम श्रेणी के आरोप लगाए गए हैं।
वायोमिंग के कानून के तहत हत्या के प्रयास के प्रथम श्रेणी अपराधों को गंभीर माना जाता है और दोषी को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
भारतीय अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने सिख ट्रक चालक पर हमले को भयावह बताया।
कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘यह घटना ऐसे समय हुई है जब सिख और दक्षिण एशियाई अमेरिकियों को निशाना बनाकर नफरत की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल में (अमेरिका के राष्ट्रपति डोलान्ड) ट्रंप (के नेतृत्व वाले) प्रशासन के गृह सुरक्षा विभाग ने भी एक सिख ट्रक चालक का नस्लवादी चित्र पोस्ट किया था जिसमें उससे ‘हमारी सड़कों से हटने’ को कहा गया था और ‘खुद देश छोड़ने, वरना अंजाम भुगतने’ की धमकी दी गई थी।’’
विश्राम स्थल पर मौजूद एक परिवार ने घायल ट्रक चालक की मदद की, उसके घावों का प्राथमिक उपचार किया और चिकित्सा सहायता के लिए संपर्क किया।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, विश्राम स्थल पर मौजूद एक परिवार ने तेज आवाज सुनी और एक व्यक्ति को इमारत से भागते देखा। परिवार ने उसके वाहन का कुछ दूर तक पीछा किया और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी की तस्वीरें ले लीं।
‘स्टॉप एएपीआई हेट’ संगठन के अनुसार, यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों को निशाना बनाकर नफरत भरी बयानबाजी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.