scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमविदेशसऊदी : 'वैश्विक सद्भाव पहल' में भारत की मशहूर हस्तियां समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन करेंगी

सऊदी : ‘वैश्विक सद्भाव पहल’ में भारत की मशहूर हस्तियां समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन करेंगी

Text Size:

रियाद, 14 अक्टूबर (भाषा) क्रिकेटर एस श्रीसंत सहित भारत के विभिन्न कलाकार और मशहूर हस्तियां 13 से 21 अक्टूबर तक रियाद में सऊदी सरकार की ‘वैश्विक सद्भाव पहल’ के दौरान देश की समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन करेंगे।

खाड़ी देश के मीडिया मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ‘वैश्विक सद्भाव पहल’ का उद्देश्य अल-सुवेदी पार्क में चल रहे रियाद सीजन में विभिन्न देशों और संस्कृतियों के निवासियों के विविध जीवन को प्रदर्शित करना है।

भारत के अलावा फिलीपींस, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, यमन, सूडान, जॉर्डन, लेबनान, सीरिया, बांग्लादेश और मिस्र इसमें भाग लेने वाले देश हैं।

सऊदी अरब में विशाल भारतीय समुदाय के लिए भारत की विभिन्न नृत्य मंडलियां, संगीत समूह और गायक सभी दिनों में लाइव प्रदर्शन करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि भारत से संगीतकार हिमेश रेशमिया, रैपर एमीवे बंटाई और क्रिकेटर उमरान मलिक व एस श्रीसंत इसमें भाग लेने वालों में शामिल हैं।

भारतीय व्यंजनों, परिधानों और हस्तशिल्प के लिए एक अलग बाजार क्षेत्र भी स्थापित किया गया है।

‘वैश्विक सद्भाव पहल’ सऊदी अरब के ‘जीवन की गुणवत्ता’ कार्यक्रम का एक हिस्सा है जिसका उद्देश्य ‘विजन 2030’ के लक्ष्यों को प्राप्त करना है।

सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की संख्या 26 लाख 50 हजार से अधिक है।

भारत और सऊदी अरब के बीच सांस्कृतिक संबंधों का लंबा इतिहास रहा है। हाल के वर्षों में सऊदी अरब के ‘विजन 2030’ के अनुरूप द्विपक्षीय सांस्कृतिक गतिविधियों में तेजी आई है।

भाषा शुभम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments