बीजिंग, एक मार्च (भाषा) रूस के यूक्रेन में सैन्य हमले तेज करने के बीच चीन ने मंगलवार को कहा कि मॉस्को की ‘‘वैध सुरक्षा मांगों’’ को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और यूक्रेन संकट के राजनीतिक समाधान के लिए उचित तरीके से इसका समाधान किया जाना चाहिए।
रूस की सैन्य कार्रवाई की आलोचना करने से इनकार करते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने ऐसे राजनीतिक समाधान का आह्वान किया जो दोनों पक्षों की वैध सुरक्षा चिंताओं का हल करता हो और यूरोप में स्थायी शांति एवं स्थिरता को बढ़ावा देता हो।
वांग ने कहा, ‘‘चीन का मानना है कि एक देश की सुरक्षा दूसरे देशों की सुरक्षा की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि शीतयुद्ध की मानसिकता का पूरी तरह त्याग कर दिया जाना चाहिए और सभी देशों की वैध सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए।
रूस के आक्रमण के परिणामस्वरूप यूक्रेन में बढ़ती हताहतों की संख्या पर वांग ने कहा कि यूक्रेन मुद्दे में जटिल ऐतिहासिक संदर्भ और यथार्थवादी कारक हैं।
वांग ने कहा, ‘नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा को प्रभावी ढंग से गारंटी दी जानी चाहिए, और विशेष रूप से, बड़े पैमाने पर मानवीय संकट को टाला जाना चाहिए।’
रूस के खिलाफ अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों पर वांग ने दोहराया कि प्रतिबंध समस्याओं को हल करने के लिए कोई प्रभावी समाधान नहीं हैं।
इस बीच, चीन ने मंगलवार को यूक्रेन से अपने 6,000 से अधिक छात्रों की आपातकालीन निकासी शुरू कर दी।
वांग ने कहा, ‘वर्तमान में, यूक्रेन में चीनी नागरिक विभिन्न तरीकों से यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जा रहे हैं।’
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
