scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशरूस ने गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए ट्रंप के प्रयास का समर्थन किया

रूस ने गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए ट्रंप के प्रयास का समर्थन किया

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मास्को, 30 सितंबर (भाषा) रूस ने मंगलवार को कहा कि वह गाजा में शांति बहाल करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के किसी भी प्रयास का स्वागत और समर्थन करता है।

एक दिन पहले, ट्रंप ने युद्ध समाप्त करने और अशांत क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए 20 सूत्री शांति योजना का प्रस्ताव दिया था।

सोमवार को ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच वार्ता के बाद पेश की गई शांति योजना में गाजा में युद्ध को तत्काल समाप्त करने और हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों को 72 घंटों के भीतर रिहा करने का प्रस्ताव है।

रूसी सत्ता प्रतिष्ठान ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने ट्रंप की शांति योजना के बारे में रूस के विचार के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘रूस हमेशा ट्रंप द्वारा किए गए ऐसे किसी भी प्रयास का समर्थन और स्वागत करता है जिसका उद्देश्य वर्तमान में घटित हो रही त्रासदी को रोकना है।’’

पेस्कोव ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि इस योजना को लागू किया जाए, ताकि यह मध्य पूर्व में घटनाओं को शांतिपूर्ण दिशा में लाने में मदद कर सके।’ उन्होंने यह भी कहा कि रूस इसमें शामिल नहीं है और इस संबंध में अमेरिका से उसकी कोई बातचीत नहीं हुई है।

पेस्कोव ने कहा कि रूस ने संघर्ष के सभी पक्षों के साथ संपर्क बनाए रखा है और यदि ऐसा करने को कहा गया तो वह समझौते में मदद करने के लिए प्रयास करने को तैयार है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस को शांति योजना के बिंदुओं के बारे में केवल मोटे तौर पर जानकारी दी गई थी।

सरकारी ‘वेस्टी एफएम रेडियो’ ने कहा कि ट्रंप की योजना की सफलता हमास पर निर्भर करती है, जिसने प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए समय मांगा है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments