लाहौर, आठ सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के गुजरांवाला में भारी बारिश के कारण महाराजा रणजीत सिंह के पिता सरदार महान सिंह के स्मारक का एक हिस्सा ढह गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इवैक्यूई प्रॉपर्टी ट्रस्ट बोर्ड (ईपीटीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण, लाहौर से लगभग 80 किलोमीटर दूर गुजरांवाला के शेरांवाला बाग में स्थित सरदार महान सिंह की समाधि का एक हिस्सा ढह गया है। सौभाग्य से, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।”
ईटीपीबी पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के पवित्र स्थलों की देखभाल करता है।
उन्होंने कहा, “सिख समुदाय के एक प्रमुख नेता सरदार महान सिंह को उपमहाद्वीप व सिख विरासत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति माना जाता है। उनकी समाधि का जीर्णोद्धार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असाधारण महत्व रखता है।”
मोहिउद्दीन ने कहा कि घटना के बाद ईटीपीबी के अधिकारियों ने एक तकनीकी टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और इमारत के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए।
उन्होंने कहा, “इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए समाधि के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए एक सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी।”
मोहिउद्दीन ने कहा कि बोर्ड ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि छात्रों और कर्मचारियों को किसी भी संभावित खतरे से बचाने के लिए समाधि से सटे स्कूल की कक्षाओं को अस्थायी रूप से किसी अन्य भवन में स्थानांतरित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस दौरान, संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहेंगे।
सरदार महान सिंह (जिन्हें महा सिंह या माहन सिंह भी लिखा जाता है) महाराजा रणजीत सिंह के पिता और सुकरचकिया मिस्ल (समूह) के दूसरे प्रमुख थे। उन्हें अपने पिता सरदार चरत सिंह से विरासत में मिस्ल का नेतृत्व मिला। महान सिंह ने 1792 में अपनी मृत्यु तक इसका विस्तार और सुदृढ़ीकरण जारी रखा। उनके पुत्र रणजीत सिंह ने उनका उत्तराधिकारी बनकर शक्तिशाली सिख साम्राज्य की स्थापना की।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
