scorecardresearch
Tuesday, 6 October, 2026
होमविदेशप्रधानमंत्री शरीफ ने इमरान की पार्टी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया

प्रधानमंत्री शरीफ ने इमरान की पार्टी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, छह अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को विवादित मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए करने के लिए वार्ता का आमंत्रण दिया। इसके साथ ही उन्होंने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा स्थापित पार्टी से इस्लामाबाद पहुंचने वाले प्रस्तावित लंबी दूरी की पदयात्रा को वापस लेने का आग्रह किया।

शरीफ ने यह अपील पीटीआई द्वारा दो दिन पहले खैबर-पख्तूनख्वा के लक्की मरवत शहर से लंबी दूरी की पदयात्रा (लॉन्ग मार्च) शुरू किए जाने के दो दिन बाद की। पार्टी का आने वाले दिनों में राजधानी पहुंचकर धरना देने का इरादा है, ताकि सरकार पर खान को रिहा करने का दबाव बनाया जा सके।

इस्लामाबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने के प्रयासों के बावजूद दुर्भाग्य से लंबी पदयात्रा के ‘‘भयावह साये’’ फिर मंडराने लगे हैं।

खान की पार्टी ने राजनीतिक मतभेदों का शांतिपूर्ण समाधान तलाशने के लिए सरकार और उसके सहयोगी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रतिनिधियों के साथ लगातार दो दिन बातचीत की थी।

शरीफ ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ। उनका (पीटीआई का) केवल एक उद्देश्य था कि बातचीत सफल न हो।’’

इससे पहले, दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दूसरा दौर शनिवार दोपहर शुरू हुआ और पूरी रात जारी रहा। हालांकि, रविवार तड़के घोषणा की गई कि अगस्त 2023 से जेल में बंद खान से मुलाकात की अनुमति के मुद्दे पर बातचीत विफल हो गई।

सूत्रों के अनुसार, खान की पार्टी ने विरोध-प्रदर्शन वापस लेने से पहले जेल में उनसे मुलाकात की मांग की, जबकि सरकार का कहना था कि किसी भी मुलाकात से पहले प्रदर्शन समाप्त किया जाना चाहिए।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments