scorecardresearch
Thursday, 12 February, 2026
होमविदेशराष्ट्रपति मुर्मू तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में मॉरिटानिया पहुंचीं

राष्ट्रपति मुर्मू तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में मॉरिटानिया पहुंचीं

Text Size:

(फोटो के साथ)

नुआकशोत (मॉरिटानिया), 16 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अफ्रीका के तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत यहां पहुंचीं। इस दौरान वह मॉरिटानिया के अपने समकक्ष मोहम्मद औलद गजौनी के साथ वार्ता करेंगी।

मुर्मू के कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में मॉरिटानिया पहुंचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मॉरिटानिया की पहली यात्रा है।’’

उनके कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू के नुआकशोत-ओमटौन्सी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति गजौनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसने बताया कि मुर्मू का औपचारिक स्वागत किया गया।

यात्रा के दौरान, मुर्मू राष्ट्रपति गजौनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी और दोनों पक्ष संस्कृति, विदेश कार्यालय संस्थानों, विदेश कार्यालय परामर्श और राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा छूट समझौतों के क्षेत्रों में चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करेंगे।

वह मॉरिटानिया के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगी।

मुर्मू भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगी। मॉरिटानिया में 100 से 150 भारतीय रहते हैं।

मॉरिटानिया में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन हैं जो भारत के बढ़ते उद्योग के लिए महत्वपूर्ण हैं।

मुर्मू अल्जीरिया की सफल यात्रा के बाद यहां पहुंचीं, जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए अल्जीरिया के अपने समकक्ष अब्देलमदजीद तेब्बौने के साथ बातचीत की थी।

वह अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मलावी जाएंगी।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments