(तस्वीरों के साथ)
सुवा (फिजी), छह अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को यहां एक हाई स्कूल में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और वहां मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत की।
फिजी की दो दिवसीय यात्रा पर आईं मुर्मू ने सुवा में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रपति के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुवा में महात्मा गांधी मेमोरियल हाई स्कूल में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और वहां मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत की।”
राष्ट्रपति के कार्यालय द्वारा ‘एक्स’ पर पोस्ट की गई तस्वीरों के अनुसार, मुर्मू ने विद्यार्थियों को चॉकलेट भी भेंट की।
फिजी के सुवा में स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल हाई स्कूल माध्यमिक विद्यालय है। स्कूल की वेबसाइट के अनुसार, इसे 1960 में ‘गुजरात एजुकेशन सोसाइटी ऑफ फिजी’ ने स्थापित किया था।
मुर्मू ने पोस्ट में कहा, “ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुवा में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।”
मुर्मू पांच से सात अगस्त तक फिजी के राष्ट्रपति विलियम मैवालिली काटोनिवेरे के निमंत्रण पर यहां आई हैं। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की इस द्वीपीय देश की पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति मुर्मू को फिजी देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, ‘कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ से सम्मानित किया गया। पोस्ट के मुताबिक, मुर्मू को फिजी के राष्ट्रपति ने इस पुरस्कार से सम्मानित किया।
फिजी से मुर्मू न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की यात्रा करेंगी। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनकी तीन देशों की छह दिवसीय यात्रा का उद्देश्य भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति को आगे बढ़ाना है।
भाषा नोमान पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
