(तस्वीरों के साथ)
वारसॉ, 22 अगस्त (भाषा) पोलैंड की आधिकारिक यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वारसॉ में अज्ञात सैनिक की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी बुधवार को यहां पहुंचे। यह 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली पोलैंड यात्रा है। मोदी अपनी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में शुक्रवार को लगभग सात घंटे यूक्रेन में रहेंगे।
पोलिश भाषा में ‘एक्स’ पर किये गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने वारसॉ में अज्ञात सैनिक की समाधि पर पुष्पचक्र अर्पित किया। उन्होंने इस कार्यक्रम की कई तस्वीरें भी साझा कीं।
विदेश मंत्रालय ने कुछ तस्वीरें संलग्न करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वारसॉ में अज्ञात सैनिक की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति को नमन किया। सम्मान और एकजुटता का एक पवित्र अवसर।”
अज्ञात सैनिक की समाधि उन अज्ञात सैनिकों को समर्पित एक स्मारक है जिन्होंने पोलैंड के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। यह प्रथम विश्व युद्ध के बाद पोलैंड में बनाया गया राष्ट्रीय स्मृति एवं सम्मान का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
