scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमविदेशसऊदी मुद्रा की तस्करी के मामले में पीआईए के चालक दल की सदस्य को जेल भेजा गया

सऊदी मुद्रा की तस्करी के मामले में पीआईए के चालक दल की सदस्य को जेल भेजा गया

Text Size:

लाहौर, 29 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेशी मुद्रा की तस्करी करते पकड़ी गई पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के चालक दल की सदस्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

‘डॉन न्यूज’ ने एक रिपोर्ट में सोमवार को बताया कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को एक मजिस्ट्रेट के सामने आरोपी महिला कर्मचारी को पेश किया और उसकी हिरासत मांगी।

रिपोर्ट के अनुसार, चालक दल की सदस्य को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था, जब तलाशी के दौरान उसके मोजे में बड़ी मात्रा में सऊदी रियाल बरामद हुआ था।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें चालक दल की आरोपी सदस्य सऊदी रियाल निकालते नजर आ रही है।

लाहौर से दुबई जाने वाली पीआईए की उड़ान पीके-203 में सवार होने के दौरान संदिग्ध को रोकने वाले सीमा शुल्क अधिकारियों की शिकायत पर फ्लाइट अटेंडेंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क के अधिकारी राजा बिलाल नसीम ने कहा कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1,40,000 सऊदी रियाल (लगभग एक करोड़ रुपये) बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि सीमा शुल्क अधिकारियों को इस उड़ान के माध्यम से मुद्रा की तस्करी के प्रयास की गुप्त सूचना मिली थी।

भाषा

शफीक पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments