(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, नौ फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान ‘एआई-पारिस्थितिकी’ के निर्माण के प्रयासों के तहत 2030 तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में एक अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा।
यहां नौ से 15 फरवरी तक आयोजित हो रहे ‘इंडस एआई वीक 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शहबाज ने यह भी कहा कि पाकिस्तान एआई के क्षेत्र में दुनिया के साथ जुड़ने के लिए तैयार है और युवाओं को आईटी तकनीशियन से एआई विशेषज्ञ बनने में मदद करने के लिए कार्यक्रम शुरू करेगा।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान सरकार 2030 तक एआई में एक अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो हमारे देश में एआई परिवेश बनाने में बहुत मददगार साबित होगा।’
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का पाठ्यक्रम न केवल केंद्र शासित या संचालित सभी स्कूलों में बल्कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर क्षेत्र के सभी स्कूलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना को बलूचिस्तान के दूरदराज के इलाकों में भी लागू किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन देश के तकनीकी परिदृश्य के लिए ‘परिवर्तनकारी’ साबित होगा।
भाषा शुभम रंजन
रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
