scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान ने अफगानिस्तान के बगराम वायुसेना अड्डे को निशाना बनाया

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के बगराम वायुसेना अड्डे को निशाना बनाया

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, चार मार्च (भाषा) पाकिस्तान ने आतंकवादी हमले रोकने में कथित रूप से नाकाम रहने पर अफगान तालिबान के खिलाफ अभियान के तहत प्रसिद्ध बगराम वायुसेना अड्डे को निशाना बनाया। मीडिया में आई खबरों में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

पाकिस्तान ने 26 फरवरी की रात को ‘ऑपरेशन गज़ब-लिल-हक’ शुरू किया। यह कार्रवाई 2,600 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा पर 53 स्थानों पर कथित अफगान तालिबान हमलों के बाद की गई।

सरकारी चैनल पीटीवी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान ने ‘अफगान तालिबान की आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब देते हुए’ बगराम वायुसेना अड्डे पर ‘बड़ा हमला’ किया।

इसमें कहा गया है, ‘पाकिस्तान अफगान तालिबान की अकारण आक्रामकता के खिलाफ जोरदार जमीनी और हवाई अभियान जारी रखे हुए है।’

पीटीवी अक्सर अफगानिस्तान पर हमलों पर रिपोर्ट के लिए अज्ञात सुरक्षा सूत्रों का हवाला देता था, लेकिन बगराम हमले के लिए उसने द न्यूयॉर्क टाइम्स का हवाला दिया।

पीटीवी ने न्यूयॉर्क टाइम्स के हवाले से बताया, ‘बगराम वायुसेना अड्डे पर एक विमान हैंगर और दो गोदाम पाकिस्तानी हमले में नष्ट हो गए, जिसकी उपग्रह तस्वीरें भी सामने आई हैं।’

इसने कहा कि अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने भी पाकिस्तानी हवाई हमले की पुष्टि की है और बताया है कि पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह अफगानिस्तान में सैन्य ठिकानों पर 50 से अधिक हवाई हमले किए हैं।

एक अज्ञात रक्षा विशेषज्ञ के हवाले से पीटीवी ने कहा, ‘बगराम वायुसेना अड्डे को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने अफगान तालिबान शासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह अफगानिस्तान में कहीं भी कार्रवाई कर सकता है।’

इस बीच सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 3-4 मार्च की रात को बलूचिस्तान प्रांत की सीमा पर अफगान तालिबान के रक्षात्मक ठिकानों पर लक्षित हमले किए, जिसमें ‘प्रतिबंधित’ संगठन के सदस्यों और उनके मददगारों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे छिपने के स्थानों और चौकियों’ को निशाना बनाया गया।

भाषा

नोमान संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments