scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमविदेशपाक मंत्री ने हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा की राजनीतिक शाखा के कार्यालय का दौरा किया

पाक मंत्री ने हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा की राजनीतिक शाखा के कार्यालय का दौरा किया

Text Size:

लाहौर, छह नवंबर (भाषा) पाकिस्तान के एक मंत्री ने बृहस्पतिवार को पंजाब में हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा के राजनीतिक चेहरे पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के कार्यालय का दौरा किया और उसके नेताओं से मुलाकात की।

राज्य मंत्री सीनेटर तलाल चौधरी लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर फैसलाबाद स्थित पीएमएमएल हाउस गए, जहां पीएमएमएल नेताओं ने उनका स्वागत किया। उनके इस दौरे को सईद के राजनीतिक संगठन को शहबाज सरकार द्वारा ‘आधिकारिक संरक्षण’ के रूप में देखा जा रहा है।

मुंबई हमले का सरगना सईद कई आतंकी वित्तपोषण मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में है।

पीएमएमएल ने एक बयान में कहा कि यात्रा के दौरान चौधरी ने पार्टी नेतृत्व के साथ विस्तृत बैठक की।

इसमें कहा गया, ‘चर्चा मौजूदा राजनीतिक स्थिति और प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्रित रही। दोनों पक्षों ने राष्ट्रीय एकता, राजनीतिक स्थिरता और देश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निरंतरता के महत्व पर जोर दिया।’

बयान में कहा गया कि प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि वर्तमान परिस्थितियों में, सभी राजनीतिक ताकतों को सद्भाव को बढ़ावा देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए सामूहिक और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

हाल के दिनों में किसी भी संघीय मंत्री का पीएमएमएल कार्यालय का यह पहला दौरा है। इससे पहले, पंजाब विधानसभा अध्यक्ष मलिक अहमद खान ने पंजाब के कसूर जिले में पीएमएमएल की एक रैली में शिरकत की थी और सईद की तारीफ की थी।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments