(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 23 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की साइबर अपराध रोधी एजेंसी ने भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के 100 से अधिक सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। एक प्रांतीय मंत्री ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने यहां एक प्रेस वार्ता में बताया, ‘हमने भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में (टीएलपी के) 107 सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और ऐसे 75 अकाउंट को ब्लॉक किया है।’
पिछले सप्ताह, लाहौर से लगभग 60 किलोमीटर दूर मुरिदके में पुलिस और टीएलपी समर्थकों के बीच झड़पों में करीब 16 लोग मारे गए जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे और 1,600 से अधिक अन्य घायल हुए थे।
पंजाब पुलिस का दावा है कि अमेरिकी दूतावास, इस्लामाबाद के बाहर इजराइल विरोधी प्रदर्शन को लेकर पिछले सप्ताह हुई हिंसक झड़पों के बाद अबतक टीएलपी के 6,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
सरकार अब तक इस कट्टरपंथी पार्टी द्वारा संचालित 61 मदरसे सील कर चुकी हैं। पंजाब सरकार के औकाफ महकमे को टीएलपी की सभी मस्जिदों और मदरसों का नियंत्रण सौंपा गया है।
टीएलपी ने दावा किया है कि पुलिस ने ‘निहत्थे’ प्रदर्शनकारियों पर सीधे गोली चलाई की, जिससे दर्जनों समर्थकों की मौत हुई और हजारों घायल हुए, जो फलस्तीन के लोगों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करना चाहते थे।
भाषा
नोमान संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
