scorecardresearch
Thursday, 12 February, 2026
होमविदेशविपक्ष ने मतदान केंद्रों पर कब्ज़ा करने की कोशिश की, लेकिन हम ‘जीत की राह पर’: BNP के महदी अमीन

विपक्ष ने मतदान केंद्रों पर कब्ज़ा करने की कोशिश की, लेकिन हम ‘जीत की राह पर’: BNP के महदी अमीन

बीएनएस के प्रवक्ता ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों और चुनाव आयोग से अपील की कि वे ‘तटस्थ’ और ‘पेशेवर’ भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि मतदान प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी न हो.

Text Size:

ढाका: बांग्लादेश में मतदान जारी रहने के बीच, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा कि पार्टी को भरोसा है और वह चुनाव जीतने की “राह पर” है.

दिप्रिंट को दिए एक खास इंटरव्यू में अमीन ने चुनाव, कथित धांधली और गुरुवार सुबह से मतदान शुरू होने के बाद सामने आई छिटपुट हिंसा की घटनाओं पर बात की.

उन्होंने बीएनपी की चुनाव से उम्मीदों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “लोग आठ साल बाद वोट दे रहे हैं, इसलिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और भरोसेमंद चुनाव की बड़ी इच्छा है, जहां शांति हो और लोग बिना डर के आकर वोट दे सकें और अपने प्रतिनिधि चुन सकें.”

उन्होंने कहा कि कुछ अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कानून लागू करने वाली एजेंसियां और चुनाव आयोग “मजबूत भूमिका” निभा रहे हैं. उन्होंने इन पक्षों से अपील की कि वे “तटस्थ” और “पेशेवर” भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई गड़बड़ी न हो.

स्थानीय अखबार द बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के अनुसार, गुरुवार सुबह खुलना सदर में जमात और बीएनपी समर्थकों के बीच झड़प के बाद बीएनपी के एक नेता की मौत हो गई.

द डेली स्टार की खबर के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक चुनाव आयोग ने 32,789 मतदान केंद्रों पर 32.88 प्रतिशत मतदान की जानकारी दी. देश में करीब 43,000 मतदान केंद्र हैं.

प्रतिद्वंद्वी पार्टियों और चुनाव में बीएनपी की स्थिति पर अमीन ने कहा कि बीएनपी ही एकमात्र पार्टी है जिसके पास “ठोस नीतियां” हैं और इसके प्रमुख तारिक रहमान का पूरे देश में समर्थन है.

धांधली और चुनावी हेरफेर की कोशिशों की खबरों पर उन्होंने कहा, “हम अपना भविष्य जनता पर छोड़ते हैं. हमने अपने विपक्ष को मतदान केंद्रों पर कब्ज़ा करने की कोशिश करते देखा, लेकिन बांग्लादेश की जनता किसी भी धांधली या हेरफेर की कोशिश को रोकने के लिए एकजुट है.”

अमीन को भरोसा है कि “लोकतंत्र समर्थक पक्ष” यह सुनिश्चित करेंगे कि जनता का जनादेश और इच्छा कायम रहे.

एएनआई की खबर के अनुसार, “गैरकानूनी मतदान” के दावे भी सामने आए हैं. बीएनपी की छात्र इकाई ने आरोप लगाया है कि जमात समर्थक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को “गुमराह और अलग-थलग” कर रहे हैं.

बीएनपी के एजेंडे को दोहराते हुए अमीन ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था में सुधार करना होगी और एक “सच में जवाबदेह” और “पारदर्शी” सरकार बनाना होगा, जिसका मुख्य आधार जनता के हित में नीति बनाना होगा. अंत में, पार्टी रहमान के उस विजन को लागू करने पर काम करेगी जिससे “देश का चेहरा और लोगों की किस्मत बदली जा सके.”

तारीक रहमान के नेतृत्व वाली पार्टी बांग्लादेश में 292 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और बाकी आठ सीटें अपने सहयोगियों के लिए छोड़ी हैं. मुख्य रूप से उसका मुकाबला जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन से है, जिसे आम तौर पर जमात कहा जाता है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: बांग्लादेश चुनाव: हाई-स्टेक्स BNP-जमात मुकाबले में ढाका क्यों है सबसे अहम


 

share & View comments