scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमविदेशन्यूयॉर्क गोलीबारी : भारतीय महावाणिज्य दूतावास हालात की कर रहा है निगरानी

न्यूयॉर्क गोलीबारी : भारतीय महावाणिज्य दूतावास हालात की कर रहा है निगरानी

Text Size:

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, 12 अप्रैल (भाषा) न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ब्रुकलिन के एक सबवे स्टेशन पर हुई गोलीबारी की घटना पर नजर रखे हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वाणिज्य दूतावास स्थिति की निगरानी कर रहा है और ‘‘हम अधिकारियों के संपर्क में हैं।’’

बाद में वाणिज्य दूतावास ने एक ट्वीट भी किया जिसमें कहा गया, ‘‘ब्रुकलिन में आज गोलीबारी की बेहद खौफनाक घटना हुई है। हम स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना है।’’

सुरक्षा अधिकारी मंगलवार तड़के न्यूयॉर्क सिटी सबवे स्टेशन पर हुई गोलीबारी की घटना की जांच कर रहे हैं जिसमें ‘‘कई लोगों’’ को गोली लगी और ट्रेन स्टेशन से धुआं निकलते देखा गया।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने ट्वीट किया, ‘‘ब्रुकलिन में 36वें स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर गोलीबारी में कई लोगों के घायल होने के संबंध में, इस समय कोई सक्रिय विस्फोटक उपकरण नहीं हैं।’’

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से कोई भी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा करने और लोगों को क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी है।

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मुझे ब्रुकलिन की घटना के बारे में अवगत कराया गया है। संबंधित सुरक्षा कर्मी घटनास्थल पर हैं और जांच जारी है।’’

मेयर एरिक एडम्स को भी स्थिति से अवगत कराया गया है और उनके कार्यालय ने कहा कि ‘‘जब तक हम अधिक जानकारी एकत्र करते हैं, हम न्यूयॉर्क के लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र से दूर रहने के लिए कहते हैं ताकि सुरक्षाकर्मी जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकें और जांच कर सकें।’’

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने एक खबर में कहा कि न्यूयॉर्क शहर के दमकल विभाग के अनुसार 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई गोलियों से घायल हुए हैं। अखबार ने कहा कि पुलिस एक संदिग्ध की तलाश कर रही है जो निर्माण कार्य के दौरान पहना जाना वाला परिधान धारण किए हुए है। उसके पास कुछ उपकरण भी हैं।

पुलिस विभाग की प्रवक्ता के मुताबिक पुलिस अधिकारियों को सुबह साढ़े आठ बजे 36वें स्ट्रीट पर बुलाया गया। ‘न्यूयॉर्क डेली न्यूज’ ने एक खबर में कहा कि गैस मास्क लगाया हुआ और नारंगी रंग का निर्माण परिधान पहले हुए व्यक्ति ने एक ट्रेन की तरफ धुआं वाला बम फेंक दिया और यात्रियों पर गोलीबारी की।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments