(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 10 नवंबर (भाषा) नेपाल के निर्वाचन निकाय ने सोमवार को कहा कि वह आगामी आम चुनाव के लिए साजोसामान संबंधी सहायता प्राप्त करने के लिए पड़ोसी देशों, मुख्य रूप से भारत से संपर्क करेगा।
कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “चुनाव आयोग ने अपनी मांग सूची सरकार को भेज दी है जिसे राजनयिक माध्यमों से पड़ोसी देशों भारत और चीन को सौंपा जाना है।”
सरकारी अधिकारियों और आयोग के कर्मचारियों के साथ एक बैठक के दौरान, दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने पांच मार्च, 2026 को होने वाले चुनावों के लिए रसद सहायता प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की है।
कुछ सप्ताह पहले सरकार और राजनयिक मिशनों तथा विकास साझेदारों के प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने आगामी चुनावों के लिए उनका समर्थन मांगा था।
भारत ने 2022 के आम चुनाव के दौरान नेपाली सरकार को साजोसामान संबंधी सहायता के रूप में 200 वाहन प्रदान किए थे, जिनका उपयोग चुनाव आयोग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किया गया था।
हालांकि, सितंबर में हुए ‘जेन-जेड आंदोलन’ के दौरान लगभग 600 सरकारी वाहनों में या तो तोड़फोड़ की गई या उन्हें जला दिया गया, इसलिए इस बार और ज्यादा वाहनों की जरूरत है। अनुमान है कि चुनाव कराने के लिए कम से कम 400 वाहनों की जरूरत होगी।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.