काठमांडू, नौ सितंबर (भाषा) नेपाल के सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल ने प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली के इस्तीफे के बावजूद मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए आगे आने की अपील की।
टेलीविजन के जरिये राष्ट्र के नाम संबोधन में जनरल सिगडेल ने कहा, “हम प्रदर्शनकारी समूह से अपील करते हैं कि वह विरोध प्रदर्शन रोकें और शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से बातचीत के लिए आगे आएं।”
सेना प्रमुख ने कहा, “हमें वर्तमान कठिन स्थिति को सामान्य बनाने और आम लोगों व राजनयिक मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।”
प्रधानमंत्री ओली के इस्तीफे के बाद भी नेपाल के कई हिस्सों में मंगलवार को हिंसा जारी रही। प्रदर्शनकारियों ने संसद, राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास, उच्चतम न्यायालय, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और वरिष्ठ नेताओं के घरों में आग लगा दी। विरोध प्रदर्शनों के दौरान कम से कम 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
