scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमविदेशमेटा ने ऑस्ट्रेलियाई फेसबुक उपयोगकर्ताओं के लिए 5 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का मुआवज़ा फंड शुरू किया

मेटा ने ऑस्ट्रेलियाई फेसबुक उपयोगकर्ताओं के लिए 5 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का मुआवज़ा फंड शुरू किया

Text Size:

( ग्राहम ग्रीनलीफ, मैक्वायर यूनिवर्सिटी ; कैथरीन केम्प, यूएनएसडब्ल्यू सिडनी )

सिडनी, 27 अक्तूबर (द कन्वरसेशन) प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा ने ऑस्ट्रेलिया में फेसबुक उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता उल्लंघन से संबंधित मामले में पांच करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 270 करोड़ रुपये) के मुआवज़ा फंड की घोषणा की है। यह ऑस्ट्रेलिया में गोपनीयता उल्लंघन के लिए अब तक का सबसे बड़ा भुगतान कार्यक्रम है।

करीब 3,11,000 ऑस्ट्रेलियाई फेसबुक उपयोगकर्ता इस फंड से मुआवज़े के पात्र हैं। पात्र दावेदारों के लिए दावा दर्ज करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इसी तरह के भुगतान कार्यक्रम अमेरिका में पहले ही शुरू हो चुके हैं।

यह मुआवज़ा कैम्ब्रिज एनालिटिका प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें 2010 के दशक में ब्रिटेन की एक डेटा कंपनी ने दुनिया भर के 8.7 करोड़ फेसबुक प्रोफाइलों से निजी जानकारी एकत्र की थी। अमेरिका में इस मामले में मेटा पर 5 अरब अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया गया था और 72.5 करोड़ डॉलर का मुआवज़ा योजना बनाई गई थी।

ऑस्ट्रेलिया में, राष्ट्रीय गोपनीयता नियामक ‘ऑफिस ऑफ द ऑस्ट्रेलियन इन्फॉर्मेशन कमिश्नर’ (ओएआईसी) ने जांच में पाया था कि कैंम्ब्रिज एनालिटिका ने निजी जानकारी में सेंध लगाने के लिए ‘दिस इज यॉर डिजिटल लाइफ’ नामक ऐप का इस्तेमाल किया था।

इस ऐप के जरिए केवल 53 ऑस्ट्रेलियाई उपयोगकर्ताओं ने यह क्विज़ इंस्टॉल किया था, लेकिन इन 53 लोगों के लगभग 3,11,000 फेसबुक मित्रों का डेटा भी एकत्र किया जा सकता था।

दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलियाई सूचना आयुक्त ने मेटा के साथ एक ‘प्रवर्तनीय समझौते’ के तहत पांच करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के भुगतान कार्यक्रम पर सहमति जताई थी। यह दावा प्रक्रिया 30 जून 2025 को शुरू हुई और 31 दिसंबर 2025 को समाप्त होगी।

कौन कर सकता है दावा

वे उपयोगकर्ता जो 2 नवंबर 2013 से 17 दिसंबर 2015 के बीच फेसबुक पर सक्रिय थे, उस अवधि में कम से कम 30 दिन ऑस्ट्रेलिया में रहे और या तो लाइफ ऐप इंस्टॉल किया था या किसी ऐसे व्यक्ति के मित्र थे जिसने यह ऐप इंस्टॉल किया था, वे दावा करने के पात्र हैं।

कैसे करें आवेदन

यह भुगतान कार्यक्रम परामर्श फर्म केपीएमजी द्वारा संचालित किया जा रहा है। मेटा ने संभावित पात्र उपयोगकर्ताओं को फेसबुक नोटिफिकेशन के माध्यम से सूचित किया है। उपयोगकर्ताओं को सतर्क किया गया है कि वे धोखाधड़ी या फर्जी वेबसाइटों से बचें।

मुआवज़े की श्रेणियाँ

कार्यक्रम के तहत दो श्रेणियों में दावे किए जा सकते हैं —

श्रेणी एक : विशिष्ट आर्थिक या मानसिक क्षति के दस्तावेज़ी प्रमाण प्रस्तुत करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए, जिनके भुगतान अधिक हो सकते हैं।

श्रेणी दो : सामान्य असुविधा या शर्मिंदगी का दावा करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए, जिनके भुगतान अपेक्षाकृत कम होंगे।

सभी श्रेणी दो दावेदारों को समान राशि दी जाएगी। सभी भुगतान 2026 के मध्य से शुरू होने की संभावना है।

रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका में इसी तरह की योजना के तहत औसत भुगतान लगभग 30 अमेरिकी डॉलर (करीब 45 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर) रहा है। ऑस्ट्रेलिया में भुगतान की वास्तविक राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि कितने लोग निर्धारित अवधि में दावा दर्ज करते हैं।

(द कन्वरसेशन) मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments