(अदिति खन्ना)
लंदन, 13 अक्टूबर (भाषा) लंदन के मेयर सादिक खान ने ब्रिटेन की राजधानी के ट्राफलगर स्क्वायर पर आयोजित होने वाले वार्षिक ‘दिवाली ऑन द स्क्वायर’ कार्यक्रम को एकजुट करने वाला उत्सव बताया।
इस वर्ष ‘‘शिक्षित करें, प्रकाशित करें, उत्सव मनाएं’’ थीम पर रविवार को स्क्वायर पर आयोजित दिवाली के निःशुल्क उत्सव में मीलों तक लोगों की कतारें देखी गईं। भारतीय संगीत, नृत्य, भजन और स्ट्रीट फूड स्टॉल देखने के लिए ट्राफलगर स्क्वायर पर भीड़ उमड़ पड़ी।
साड़ी और पगड़ी बांधने, योग और ध्यान, मेंहदी, कठपुतली शो और नृत्य कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
खान ने उपस्थित जन समूह से कहा, ‘‘आपमें से जो लोग यहां हैं, वे गर्व से लंदनवासी हैं, गर्व से ब्रिटिश हैं, गर्व से अंग्रेज हैं, लेकिन गर्व से हिंदू, सिख और जैन भी हैं। आप गर्व से लंदनवासी हो सकते हैं और दिवाली मना सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी हमारे देश और दुनिया भर में ऐसे लोग हैं जो समुदायों को बांटने की कोशिश करते हैं, एक को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश करते हैं-हिंदुओं को सिखों के खिलाफ, मुसलमानों को यहूदियों के खिलाफ, ईसाइयों को बौद्धों के खिलाफ खड़ा करते हैं।’’
खान ने कहा, ‘‘आप हमारे शहर को उसके सबसे बेहतरीन रूप में दिखाते हैं। आप दिवाली का महत्व दिखाते हैं… कैसे प्रकाश अंधकार को हरा देता है, अच्छाई बुराई को हरा देती है।’’
भाषा सुभाष अविनाश धीरज
धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
