(अदिति खन्ना)
लंदन, एक अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के खेड़ तालुका स्थित प्राथमिक स्कूल जिला परिषद प्राथमिकशाला, जलिंदरनगर को इस सप्ताह लंदन में सर्वश्रेष्ठ स्कूल की श्रेणी में दिए जाने वाले ‘2025 वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज कम्युनिटी च्वॉइस अवार्ड’ का विजेता घोषित किया गया है।
इस पुरस्कार की स्थापना ब्रिटेन स्थित ‘टी4 एजुकेशन’ ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर उन स्कूलों को एक मंच प्रदान करने के लिए की थी जो अपनी कक्षाओं के साथ साथ उसके बाहर छात्रों के जीवन में बदलाव ला रहे हैं।
जि.प. प्राथमिकशाला, जलिंदरनगर को अपनी विषय अनुकूल प्रणाली, मिलजुल कर पढ़ने-पढ़ाने के मॉडल के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण छात्र-नेतृत्व वाली शिक्षा प्रदान करके सरकारी स्कूल शिक्षा में क्रांति लाने के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। अध्ययन अध्यापन के इस तरह के मॉडल में विभिन्न आयु वर्ग के छात्र एक-दूसरे के साथ पढ़ते हैं, एक दूसरे को पढ़ाते और सीखते हैं।
आदिवासी बहुल महाराष्ट्र के जिले के इस स्कूल के शिक्षक दत्तात्रेय वारे ने कहा कि उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुने जाने पर ‘‘अत्यंत सम्मानित’’ महसूस हो रहा है।
वारे ने बताया, ‘‘जलिंदरनगर के सुदूरवर्ती क्षेत्र में स्थित आदिवासी स्कूल में 2022 में सिर्फ तीन छात्र थे और यह बंद होने के कगार पर था। केवल दो वर्षों में इसने विश्व स्तरीय मानक तक एक उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह परिवर्तन केवल बुनियादी ढांचागत ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक स्तर पर भी था। यह अंत नहीं, बल्कि हमारी शिक्षा प्रणाली में एक बड़े बदलाव की शुरुआत है।’’
सार्वजनिक मतदान में ‘वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज’ की पांच श्रेणी में सूचीबद्ध 50 स्कूलों में से जि. प. प्राथमिकशाला, जलिंदरनगर को सर्वाधिक वोट के साथ विजेता घोषित किया गया।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
