scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमविदेशलॉस एंजिलिस: सड़क पर धारदार हथियार लहराने वाले सिख व्यक्ति की पुलिस की गोली लगने से मौत

लॉस एंजिलिस: सड़क पर धारदार हथियार लहराने वाले सिख व्यक्ति की पुलिस की गोली लगने से मौत

Text Size:

न्यूयॉर्क, 29 अगस्त (भाषा) लॉस एंजिलिस की एक सड़क पर पिछले महीने धारदार हथियार लहराते और पुलिस अधिकारियों पर हमला करते देखे गए 35 वर्षीय सिख व्यक्ति को पुलिस ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। गोली मारने से पहले पुलिस ने सिख व्यक्ति की कार का नाटकीय अंदाज में पीछा किया।

गत 13 जुलाई की सुबह कार का पीछा करने के बाद लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग (एलएपीडी) के अधिकारियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद आर्केडिया निवासी गुरप्रीत सिंह घायल हो गया था।

उसे इलाज कराने के लिए एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 17 जुलाई को वहां उसकी मौत हो गई।

एलएपीडी ने घटना का एक विस्तृत वीडियो जारी किया है जिसमें सिंह सड़क पर गुजरते वाहनों और पैदल चलने वालों की ओर 27 इंच लंबा धारदार हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा है। एक मौके पर सिंह धारदार हथियार से अपनी जीभ काटने का इशारा करते हुए दिखाई देता है।

एलएपीडी ने कहा कि उसके अधिकारियों ने सिंह को हथियार डालने के कई आदेश दिए, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सिंह अपने वाहन में लौटा, पानी की एक बोतल निकाली और उसे अधिकारियों पर फेंक दिया।

वीडियो में एलएपीडी के अधिकारी इलाके की सड़कों पर सिंह की कार का पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सिंह अपनी कार में बैठने के बाद चालक की खिड़की के बाहर धारदार हथियार लहराते हुए गाड़ी भगा ले गया।

इसके बाद अधिकारियों ने पीछा किया, इस दौरान सिंह ने बेतरतीब ढंग से गाड़ी चलाई, अपनी कार को गोल-गोल घुमाया और एक अधिकारी के वाहन को टक्कर मार दी।

थोड़ी देर बाद सिंह ने एक गली में अपनी कार रोकी, धारदार हथियार से लैस होकर अपनी गाड़ी से बाहर निकला और अधिकारियों पर हमला कर दिया।

एलएपीडी अधिकारियों ने उसे रुकने का आदेश दिया, इसके बावजूद सिंह उनकी गाड़ी की ओर बढ़ रहा था। इसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चला दी।

सिंह घायल होकर फुटपाथ पर गिर पड़ा। लॉस एंजिलिस के अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और खून से लथपथ सिंह को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से धारदार हथियार बरामद किया गया।

भाषा संतोष वैभव

वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments