पेशावर, 21 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की खैबर-पख्तूनख्वा सरकार ने मंगलवार को प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) कमांडर काजिम पर 10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम घोषित किया है।
ऐसा माना जा रहा है कि काजिम हाल में सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर की हत्या में शामिल था।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि कुर्रम जिले का निवासी काजिम पाराचिनार की ओर जा रहे सैन्य काफिलों और शिया समुदाय के यात्री वाहनों पर हमलों के पीछे भी शामिल था। उस पर कुर्रम के उपायुक्त जावेदुल्लाह महसूद की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, वांछित आतंकी की पहली बार स्पष्ट तस्वीर जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा इनाम तय करने का फ़ैसला प्रांतीय सरकार द्वारा उसकी गिरफ़्तारी या सफ़ाया सुनिश्चित करने के संकल्प को दर्शाता है।
सरकार ने काजिम से जुड़े तीन अन्य आतंकियों पर भी भारी इनाम घोषित किया है।
वहीं, बन्नू जिले में पिछले तीन दिन में अलग-अलग घटनाओं में तीन पुलिसकर्मियों के अपहरण से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया। बाद में इन पुलिसकर्मियों को बरामद कर लिया गया।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
