scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमविदेशईरान के साथ सैन्य संघर्ष के समाधान के लिये किसी मध्यस्थता के लिये तैयार नहीं है इजराइल : क्रेमलिन

ईरान के साथ सैन्य संघर्ष के समाधान के लिये किसी मध्यस्थता के लिये तैयार नहीं है इजराइल : क्रेमलिन

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मास्को, 17 जून (भाषा) ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच रूसी राष्ट्रपति के एक सहयोगी ने मंगलवार को कहा कि इजराइल ईरान के साथ संघर्ष को शांति के रास्ते पर लाने के लिए किसी मध्यस्थता के लिए तैयार नहीं है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘फिलहाल, हम इजराइल की ओर से किसी भी तरह की मध्यस्थता में शामिल होने या शांति के मार्ग पर चलने में अनिच्छा देख रहे हैं। हमने यही देखा है।’’

वह इस प्रश्न का उत्तर दे रहे थे कि क्या ईरान-इजराइल सैन्य संघर्ष के समाधान में मध्यस्थता करने की रूसी राष्ट्रपति की तत्परता पर कोई प्रतिक्रिया हुई है।

पेस्कोव ने कहा कि रूस को नहीं लगता कि इजराइल ईरान के साथ संघर्ष को सुलझाने के लिए किसी मध्यस्थ की मदद लेगा और ‘सामान्य तौर पर शांति की राह पर आगे बढ़ेगा।’

उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि रूसी पक्ष और विशेष रूप से राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो रूस ऐसी मध्यस्थता सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार है।’’

इस बीच, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने इंडोनेशियाई समकक्ष सुगियोनो के साथ वार्ता के दौरान इस बात पर जोर दिया कि दुनिया को इजराइल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष को कम करने तथा कूटनीतिक समाधान खोजने के लिए कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments