scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमविदेशइजराइली सेना के 'सटीक और व्यापक' अभियान में मारे गए ईरान के खामेनेई: आईडीएफ

इजराइली सेना के ‘सटीक और व्यापक’ अभियान में मारे गए ईरान के खामेनेई: आईडीएफ

Text Size:

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, एक मार्च (भाषा) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को एक ‘सटीक, व्यापक अभियान’ में निशाना बनाया गया और ‘आतंकी गठजोड़’ के नेता के खात्मे के साथ ‘दशकों पुराने एक अध्याय’ का अंत हो गया है। यह बात इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने रविवार को कही।

आईडीएफ ने औपचारिक घोषणा की कि उसने शनिवार को तेहरान में एक हवाई हमले में खामेनेई को मार गिराया और हमले का विवरण साझा किया।

इजराइल और अमेरिका ने शनिवार तड़के ईरान पर संयुक्त हमले शुरू किए, जिनमें ‘दर्जनों सैन्य ठिकानों’ पर हमले शामिल हैं। ये हमले इजराइल के अस्तित्व के लिए समय के साथ उत्पन्न होने वाले खतरों को समाप्त करने के उद्देश्य से (ईरानी) शासन के खिलाफ ‘व्यापक, समन्वित और संयुक्त आक्रमण’ के हिस्से के रूप में किए गए।

इजराइली सेना ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘अली खामेनेई को इजराइली वायुसेना द्वारा किए गए एक सटीक, व्यापक अभियान में निशाना बनाया गया जो आईडीएफ की सटीक खुफिया जानकारी द्वारा निर्देशित था। यह हमला तब किया गया जब वह तेहरान के मध्य स्थित अपने केंद्रीय नेतृत्व परिसर में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ थे।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘वर्ष 1989 से इस्लामी गणराज्य के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई ‘कई वर्षों तक ईरानी नागरिकों के हिंसक दमन के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार थे।’’

आईडीएफ ने कहा, ‘खामेनेई इजराइल को नष्ट करने की योजना के सूत्रधार थे और उन्हें ‘ईरानी नेटवर्क का मुखिया’ कहा जाता था, जिसकी शाखाएं पश्चिम एशिया और इजराइल की सीमाओं तक फैली हुई थीं।’

बयान में कहा गया है कि इनमें सबसे प्रमुख लेबनानी शिया आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह था।

आईडीएफ ने कहा, “ईरानी शासन के सर्वोच्च नेता इजराइल के खिलाफ आतंकवादी हमलों के लिए जिम्मेदार थे और दुनिया भर के कई नागरिकों के खून के छींटें उनके हाथों पर थे।”

इजराइली सेना ने कहा, “ईरानी आतंकी गठबंधन के नेता के खात्मे के साथ दशकों पुराने एक अध्याय का अंत हो गया है। उनका मारा जाना युद्ध के दौरान आईडीएफ द्वारा आतंकी गठबंधन के वरिष्ठ सदस्यों के खात्मे की श्रृंखला में शामिल हो गया है।”

अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ शनिवार को संयुक्त रूप से अभियान शुरू करने के बाद से इजराइल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले हुए हैं।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments