scorecardresearch
Thursday, 24 September, 2026
होमविदेशअंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चरमराई हुई है, भारत-पाकिस्तान जैसे संघर्षों से निपटने में सक्षम नहीं : रुबियो

अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चरमराई हुई है, भारत-पाकिस्तान जैसे संघर्षों से निपटने में सक्षम नहीं : रुबियो

Text Size:

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, 23 सितंबर (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान समेत दुनिया भर में संभावित संघर्षों से निपटने के लिए अगर कोई प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था हो, तो यह ‘‘बहुत अच्छा’’ होगा।

रुबियो ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के महत्व को समझते हैं और खुद भी इसका हिस्सा हैं। मेरा मानना है कि राष्ट्रपति ने भी कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन वह उस पर पूरा खरा नहीं उतर पा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कई नेताओं ने इस बात की ओर इशारा किया है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था विफल हो रही है। इसकी वजह यह है कि वह अपने अधिकार क्षेत्र और मूल उद्देश्य से आगे बढ़ गई है। वह ऐसे तमाम मामलों में हस्तक्षेप करने लगी है, जिनसे उसका कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए और दुनिया के लगभग किसी भी बड़े संघर्ष को सुलझाने में सक्षम नहीं है।’’

अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान इस बात को लेकर ‘‘सर्वसम्मति और आम सहमति’’ है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चरमराई हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह व्यवस्था इसलिए चरमराई है क्योंकि उसने खुद को इस स्थिति में पहुंचा दिया है। इसे फिर से अपने मूल उद्देश्य और उचित भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। यह बहुत अच्छा होता अगर हमारे पास ऐसी प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती, जो थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुए युद्ध या भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष की संभावित स्थिति से निपट सकती। लेकिन फिलहाल हमारे पास ऐसी प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था नहीं है, जो इन संघर्षों से निपट सके।’’

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments