बीजिंग, 21 नवंबर (भाषा) चीन के आर्थिक केंद्र शंघाई में शुक्रवार को सतत विकास और भारतीय सामान तथा सेवाओं की वैश्विक मांग पर एक संगोष्ठी में भारत की हालिया व्यापार उदारीकरण पहल और व्यापार सुगमता की सराहना की गई।
शंघाई इंडियन एसोसिएशन द्वारा सतत विकास पर आयोजित इस संगोष्ठी में शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर, इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट ब्यूरो चीफ (चीन) अंके श्रेडर भी शामिल हुए। महावाणिज्य दूतावास की एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
माथुर ने मजबूत बुनियाद पर जोर दिया, जो यह पक्का करती है कि भारत अगले दशक में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहे।
विज्ञप्ति में कहा गया कि वक्ताओं और प्रतिभागियों ने व्यापार पहलों को उदार बनाने, नियामक रूपरेखा को आसान बनाने तथा व्यापार सुगमता को बेहतर बनाने में भारत की हालिया पहलों को दी गई अहमियत की भी तारीफ की।
इसमें कहा गया कि प्रौद्योगिकी और एआई कंपनियों सहित भारतीय कॉर्पोरेट की बड़े पैमाने पर भागीदारी ने अगले साल की शुरुआत में भारत में होने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में बढ़ती दिलचस्पी का भी संकेत दिया, जिसमें पूर्वी चीन क्षेत्र भी शामिल है।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
