scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशदुबई में दिवाली समारोह के दौरान भारतीय छात्र की हृदयाघात से मौत

दुबई में दिवाली समारोह के दौरान भारतीय छात्र की हृदयाघात से मौत

Text Size:

दुबई, 23 अक्टूबर (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का ‘गोल्डन वीजा’ हासिल करने वाले 18 वर्षीय भारतीय छात्र की दिवाली समारोह के दौरान दुबई में हृदयाघात के कारण मृत्यु हो गई। स्थानीय मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली।

‘गल्फ न्यूज’ की बुधवार की खबर के अनुसार, ‘मिडलसेक्स यूनिवर्सिटी दुबई’ में बीबीए मार्केटिंग के प्रथम वर्ष के छात्र वैष्णव कृष्णकुमार की मंगलवार को ‘दुबई इंटरनेशनल एकेडमिक सिटी’ में दिवाली समारोह के दौरान अचानक मृत्यु हो गई।

रिपोर्ट में कहा गया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे हृदय गति रुकने के कारण मृत घोषित कर दिया।

परिवार के अनुसार, दुबई पुलिस का फॉरेंसिक विभाग जांच कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वैष्णव को हृदय संबंधी कोई ज्ञात समस्या नहीं थी।

वैष्णव के चाचा और दुबई निवासी नितीश ने खलीज टाइम्स से कहा, ‘‘उसके माता-पिता अंतिम संस्कार के लिए उसका पार्थिव शरीर केरल ले जाना चाहते हैं, इसलिए हम इसके लिए कागजी कार्रवाई पूरी कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वे विमान से शुक्रवार को घर लौट सकेंगे।’’

खबर में कहा गया कि वैष्णव के परिवार में माता-पिता वीजी कृष्णकुमार और विधु कृष्णकुमार तथा छोटी बहन वृष्टि कृष्णकुमार हैं।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments