scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशब्रिटेन में भारतीय मूल की युवती से ‘नस्ल’ के कारण बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

ब्रिटेन में भारतीय मूल की युवती से ‘नस्ल’ के कारण बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 27 अक्टूबर (भाषा) इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में भारतीय मूल की 20 वर्षीय एक युवती से सप्ताहांत में उसकी ‘‘नस्ल’’ के कारण बलात्कार किया गया।

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम हुई घटना के बाद आरोपी की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया था और सोमवार सुबह बलात्कार के संदेह में 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

‘वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस’ के अनुसार उसे शनिवार शाम वॉलसॉल के पार्क हॉल क्षेत्र में सड़क पर एक युवती के संकट में होने की सूचना मिली।

मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे ‘डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट’ (डीएस) रोनन टायरर ने क्षेत्र के पेरी बार इलाके में हुई गिरफ्तारी को ‘‘महत्वपूर्ण’’ बताया।

टायरर ने कहा, ‘‘हमारी जांच में आज प्रगति हुई और हमेशा की तरह हमारी प्राथमिकता वह युवती है जिस पर यह हमला हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पीड़िता को आज सुबह ही जानकारी दे दी गई है और उन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षित अधिकारियों से पूरा सहयोग मिलता रहेगा।’’

पुलिस ने रविवार को संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए लोगों से अपराध के संबंध में जानकारी देने की अपील की थी। पुलिस इस अपराध को ‘‘नस्ली हमला’’ मानकर इसकी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, हमलावर की उम्र लगभग 30 वर्ष है, वह श्वेत पुरुष है, छोटे बाल रखता है और हमले के वक्त काले कपड़ों में था।

डीएस टायरर ने कहा, ‘‘यह युवती पर एक बेहद भयावह हमला था। हमारी टीम साक्ष्य एकत्र कर रही हैं और आरोपी की पहचान करने पर काम कर रही हैं।’’

उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी ने उस समय इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो या उसके पास कोई सीसीटीवी फुटेज हो, तो वह जानकारी साझा करे।

ब्रिटेन पुलिस ने उत्तरी इंग्लैंड में 20 वर्षीय एक युवती से उसकी ‘‘नस्ल’’ के कारण बलात्कार की घटना के बाद एक श्वेत संदिग्ध का पता लगाने के लिए अपील जारी की थी। ऐसा माना जा रहा है कि युवती भारतीय मूल की है।

स्थानीय समुदायों का कहना है कि पीड़िता पंजाबी भाषी है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ सप्ताह पहले पास के ओल्डबरी क्षेत्र में एक ब्रिटिश सिख महिला से भी उसकी ‘नस्ल’ के कारण बलात्कार किए जाने की घटना सामने आयी थी।

डीएस टायरर ने कहा कि फिलहाल दोनों मामलों को आपस में जोड़ा नहीं गया है।

वॉलसॉल पुलिस के ‘चीफ सुपरिंटेंडेंट’ फिल डॉल्बी ने कहा कि समुदाय में भय और चिंता की भावना है इसलिए इलाके में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी।

‘सिख फेडरेशन यूके’ ने बताया कि वॉलसॉल की पीड़िता पंजाबी महिला है और आरोपी ने उसके घर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments