scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशभारतीय मूल की ब्रिटिश मंत्री ने नस्ली समानता पर बैठक की मेजबानी की

भारतीय मूल की ब्रिटिश मंत्री ने नस्ली समानता पर बैठक की मेजबानी की

Text Size:

(आदिति खन्ना)

लंदन, एक अक्टूबर (भाषा) ब्रिटेन के पहले ‘रेस इक्वालिटी एंगेजमेंट ग्रुप’ (आरईईजी) विषय पर गोलमेज सम्मेलन की मेजबानी करते हुए भारतीय मूल की ब्रिटिश मंत्री ने बुधवार को कहा कि किसी को भी उसकी नस्ल के कारण पीछे नहीं रखा जाना चाहिए या अवसरों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

ब्रिटिश समाज के विभिन्न वर्गों में असमानता से निपटने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम किया गया।

समानता मामलों की मंत्री सीमा मल्होत्रा को हाल ही में विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) में हिंद-प्रशांत मंत्री भी नियुक्त किया गया है।

अक्टूबर में ‘ब्लैक हिस्ट्री मंथ’ की शुरुआत के उपलक्ष्य में हाल ही में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सभी जातीय पृष्ठभूमि के सामुदायिक नेताओं के साथ मिलकर काम करना है ताकि ब्रिटेन में नस्ली समानता के लिए बाधाओं को दूर करने और परिवर्तन लाने के मकसद से संघर्ष किया जा सके।

मल्होत्रा ​​ने कहा, ‘‘किसी को भी उसकी नस्ल के कारण पीछे नहीं रखा जाना चाहिए या अवसरों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाधाओं को दूर करने, जवाबदेही को मजबूत करने और देश भर के समुदायों के लिए एक अधिक न्यायसंगत समाज के निर्माण में मदद के मकसद से समूह के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हूं।’’

यह बैठक ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर द्वारा इस सप्ताह लिवरपूल में लेबर पार्टी के वार्षिक सम्मेलन में दिए गए मुख्य भाषण की पृष्ठभूमि में हुई है।

भाषण में उन्होंने चेतावनी दी थी कि अति-दक्षिणपंथी समूह देश में ‘नस्लवादी हिंसा और घृणा’ भड़का रहे हैं।

स्टार्मर ने मंगलवार को लेबर प्रतिनिधियों से कहा, ‘‘अगर आप नस्लवादी हिंसा भड़काते हैं तो यह सिर्फ चिंता व्यक्त करने की बात नहीं है बल्कि यह अपराध है।’’

ब्रिटेन का ‘ब्लैक हिस्ट्री मंथ’ हर साल अक्टूबर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य देश और समाज में अश्वेत और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं, कार्यकर्ताओं आदि के योगदान को याद करना है।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments