कोलंबो, 14 अक्टूबर (भाषा) श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने सत्तारूढ़ जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) के महासचिव तिलविन सिल्वा से मुलाकात कर द्विपक्षीय साझेदारी में हालिया प्रगति और घनिष्ठ आर्थिक संबंधों की संभावनाओं पर चर्चा की।
कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “उच्चायुक्त संतोष झा ने जेवीपी के महासचिव तिलविन सिल्वा से मुलाकात की और भारत व श्रीलंका की साझेदारी में हालिया प्रगति पर चर्चा की।”
पोस्ट के मुताबिक, दोनों ने “भारत और श्रीलंका के लोगों की पारस्परिक समृद्धि के लिए घनिष्ठ आर्थिक संबंधों की असीम संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया”।
‘श्रीलंका मिरर’ में मंगलवार को प्रकाशित खबर के अनुसार, यह बैठक बत्तरामुल्ला के पेलावट्टे स्थित जेवीपी मुख्यालय में हुई और इसमें श्रीलंका की वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई, जिसमें विस्थापित पहाड़ी समुदायों के लिए भारतीय आवास परियोजना की सफलता पर बातचीत भी शामिल थी।
खबर में बताया गया कि सिल्वा ने भारत के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि भारतीय उच्चायुक्त ने श्रीलंका को अधिक सहायता मुहैया कराने का वादा किया।
खबर के मुताबिक, दोनों ने संभावित भारतीय निवेश और सहायता पर भी चर्चा की, साथ ही कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी व मत्स्य पालन में भारत की प्रगति पर अनुभव साझा किए।
खबर में बताया गया कि यह बैठक प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या की अक्टूबर में निर्धारित भारत यात्रा से पहले हुई है।
खबर के मुताबिक, श्रीलंका के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद अमरसूर्या की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
