बीजिंग, 18 अक्टूबर (भाषा) भारतीय कॉमेडी फिल्म ‘डुपकी’ का शनिवार को छठे बीजिंग अंतरराष्ट्रीय बाल महोत्सव में प्रीमियर हुआ, लेकिन इस कार्यक्रम में फिल्म का निर्देशक या कोई कलाकार शामिल नहीं हो सका।
बीजिंग अंतरराष्ट्रीय बाल महोत्सव के अधिकारी गेविन ली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 16 अक्टूबर से शुरू हुए चार-दिवसीय कार्यक्रम में 62 फिल्में प्रदर्शित की गईं।
हालांकि, वीजा नहीं मिल पाने के कारण ‘डुपकी’ के निर्देशक और इसके कलाकारों की गैर-मौजूदगी में इसे प्रदर्शित किया गया।
गेविन ली ने कहा, ‘‘यह अफसोस की बात है कि फिल्म निर्माताओं को वीजा नहीं मिल सका।’’
‘डुपकी’ के निर्देशक अभय पंजाबी ने कहा कि उनकी फिल्म के प्रदर्शन के लिए चयनित होने के बावजूद ‘डुपकी’ टीम का कोई भी सदस्य बीजिंग जाने के लिए वीजा प्राप्त नहीं कर सका।
पंजाबी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली स्थित चीनी दूतावास ने उनका वीजा आवेदन खारिज कर दिया।
पंजाबी ने कहा कि उन्होंने आयोजकों के आधिकारिक निमंत्रण पत्र के साथ वीजा आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन उनका आवेदन अस्वीकार कर दिया गया और अस्वीकृति के लिए कोई कारण नहीं बताया गया।
फिल्म की कहानी अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए तीन बढ़ते बच्चों के सपनों पर आधारित है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
