वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और रिपब्लिकन पार्टी के एक सीनेटर के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा चुनौतियों पर सहयोग सहित भारत-अमेरिका संबंधों पर चर्चा हुई।
क्वात्रा ने बृहस्पतिवार को अपने निवास पर टेनेसी के रिपब्लिकन सीनेटर बिल हैगर्टी और उनकी पत्नी क्रिसी हैगर्टी की मेजबानी की।
क्वात्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे द्विपक्षीय साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिसमें पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर बातचीत को जारी रखना भी शामिल है।’’
उन्होंने कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय हाइड्रोकार्बन व्यापार को बढ़ाने तथा ‘‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा चुनौतियों का समाधान करने के लिए मिलकर काम करने’’ के तरीकों पर भी विचार किया।
यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पृष्ठभूमि में हुई है।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि भारत और अमेरिका प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के ‘‘बेहद करीब’’ हैं।
अमेरिका और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए अब तक पांच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
