scorecardresearch
Tuesday, 9 September, 2025
होमविदेशभारत ने राजनयिक माध्यम से बाढ़ की जानकारी साझा की थी : पाकिस्तान

भारत ने राजनयिक माध्यम से बाढ़ की जानकारी साझा की थी : पाकिस्तान

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, पांच सितंबर (भाषा) पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने हाल में आई बाढ़ के बारे में राजनयिक माध्यम से जानकारी साझा की है। साथ ही शिकायत की कि पूर्ववर्ती घटनाओं की तरह जानकारी उतनी विस्तृत नहीं थी।

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने यहां आयोजित साप्ताहिक प्रेस वार्ता में भारत से सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) का पूरी तरह से पालन करने का भी आह्वान किया।

भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए, जिनमें 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करना भी शामिल था।

खान ने कहा, ‘‘भारतीय पक्ष ने राजनयिक माध्यमों से विभिन्न नदियों में आई बाढ़ के बारे में कुछ जानकारी जरूर साझा की है। हालांकि, यह पहले जितनी विस्तृत नहीं है।’’

प्रवक्ता ने कहा कि सिंधु जल आयुक्त के स्थापित माध्यम का उपयोग जानकारी साझा करने के लिए नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस संदर्भ में, हम दोहराते हैं कि भारत को सिंधु जल संधि के सभी प्रावधानों का पूरी तरह पालन करना चाहिए।’’

आमतौर पर, ऐसी जानकारी सिंधु जल आयुक्त के माध्यम से साझा की जाती थी।

प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ब्रिक्स समूह में शामिल होने के प्रति गंभीर है और दावा किया कि रूस इसका समर्थन कर रहा है।

चीन में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बैठक के बारे में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह कह सकता हूं कि पाकिस्तान ब्रिक्स की सदस्यता के लिए गंभीर है और रूस पाकिस्तान के आवेदन का समर्थन करता रहा है।’’

उन्होंने दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक की विषय-वस्तु के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

ब्रिक्स में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। इसका 2024 में विस्तार करके इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया, तथा 2025 में इंडोनेशिया भी इसमें शामिल हो गया।

अफगानिस्तान की सीमा में पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले के संबंध के सवाल पर खान ने कहा कि पाकिस्तान अपने लोगों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​हमारे नागरिकों को आतंकवादी खतरों से बचाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लक्षित अभियान चलाती हैं।’’

भाषा

धीरज खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments