scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमविदेशइब्सा वैश्विक परिवर्तन का उत्प्रेरक है : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा

इब्सा वैश्विक परिवर्तन का उत्प्रेरक है : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा

Text Size:

(फाकिर हसन)

जोहानिसबर्ग, 25 नवंबर (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) गठबंधन वैश्विक परिवर्तन का उत्प्रेरक है और ‘ग्लोबल साउथ’ की उम्मीदों का प्रतीक है।

दक्षिण अफ्रीका ने इब्सा की अध्यक्षता संभाली है।

रामफोसा ने कहा, ‘‘हम मिलकर न केवल अपने नागरिकों की, बल्कि उस ग्लोबल साउथ की उम्मीदों का भी प्रतिनिधित्व करते हैं, जो भविष्य को आकार देने में गरिमा, सम्मान और साझेदारी चाहता है।’’

वह रविवार को जोहानिसबर्ग में समाप्त हुए जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित इब्सा नेताओं के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उनके साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा मौजूद थे।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हम जिस दुनिया में रहते हैं, वह तेजी से और नाटकीय रूप से बदल रही है।’’ उन्होंने कहा कि इब्सा के सदस्य राष्ट्र वैश्विक बदलाव, बेहतर भविष्य और वैश्विक एजेंडा तय करने का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं।

रामफोसा ने कहा, ‘‘इब्सा सैद्धांतिक और रचनात्मक सहयोग के स्थायित्व का प्रमाण है। हमारा समूह यह सिद्ध करता है कि विविधता कोई विभाजन रेखा नहीं, बल्कि शक्ति का स्रोत है। यह हमें याद दिलाता है कि बराबरी के आधार पर सहयोग वैश्विक शांति, समृद्धि और स्थिरता के लिए अनिवार्य है।’’

दक्षिण अफ्रीकी नेता ने जलवायु कार्रवाई पर प्रतिबद्धताओं को पुनर्जीवित करने, न्यायसंगत ऊर्जा परिवर्तन पर सहयोग गहरा करने, खाद्य एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की रक्षा करने और तकनीकी प्रगति के लाभों के समान वितरण को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस बीच, रामफोसा ने कहा, ‘‘इब्सा कोष जैसी पहलों के माध्यम से हम अपने सहयोग के व्यावहारिक मूल्य को प्रदर्शित करना जारी रखते हैं, विशेष रूप से उन जगहों पर जहां जरूरत सबसे अधिक है।’’

उनकी टिप्पणियां तीनों देशों के शिक्षा मंत्रियों द्वारा पहले हस्ताक्षरित समझौते के आधार पर बुनियादी शिक्षा के लिए एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर के बाद आईं।

राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि जल्द ही सभी की सहमति से इब्सा नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments