scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमविदेशपाकिस्तान में घातक विस्फोट के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक

पाकिस्तान में घातक विस्फोट के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक

Text Size:

पेशावर, 23 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तानी तालिबान के स्वामित्व वाले एक परिसर में हुए विस्फोट में 10 नागरिकों सहित 24 लोगों की मौत के मद्देनजर मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।

अफगानिस्तान की सीमा से लगे प्रांत के खैबर जिले में तिराह घाटी के मतुर दारा क्षेत्र में सोमवार को परिसर में रखे विस्फोटक पदार्थ में विस्फोट होने से 10 नागरिक और 14 आतंकवादी मारे गए।

सूत्रों ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्दोष लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया गया और विस्फोट में मारे गए 10 नागरिकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि इसी विस्फोट में मारे गए 14 आतंकवादियों को कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा।

बैठक में मुख्य सचिव शहाब अली शाह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) मुहम्मद आबिद मजीद, पेशावर के आयुक्त और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की प्रांतीय शाखा और निवासियों ने दावा किया कि तिराह घाटी में विस्फोट ‘जेट बमबारी’ के कारण हुआ। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने परिसर पर हवाई हमलों के दावों का खंडन करते हुए कहा कि बम बनाने में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों में विस्फोट हुआ।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं में नागरिकों की जान जाना दुखद और निंदनीय दोनों है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के परिणामस्वरूप नागरिकों का हताहत होना अस्वीकार्य है।

यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधियों, नेताओं और स्थानीय बुजुर्गों की एक जिरगा जल्द ही वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेगी, ताकि क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए एक संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दिया जा सके।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments