काठमांडू, 29 अक्टूबर (भाषा) नेपाल में बुधवार सुबह माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के पास एक निजी एयरलाइन का हेलीकॉप्टर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार पायलट मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
‘एल्टीट्यूड एयर’ नामक हेलीकॉप्टर में केवल पायलट सवार था। लुकला से उड़ान भरने वाला यह हेलीकॉप्टर हादसे के समय खुम्बू क्षेत्र में स्थित लोबुचे में फंसे पर्यटकों को बचाने के मिशन पर था।
सोलुखुम्बू जिला पुलिस कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, कैप्टन विवेक खड़का द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर इलाके में भारी बर्फबारी के कारण लैंडिंग के प्रयास के दौरान फिसल गया।
अधिकारी ने कहा कि पायलट को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि हेलीकॉप्टर के दो टुकड़े हो गए। उन्होंने बताया कि पायलट को चिकित्सकीय जांच के लिए लुकला ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मंगलवार और बुधवार को भारी बर्फबारी के कारण मुस्तांग, अन्नपूर्णा क्षेत्र और एवरेस्ट क्षेत्र समेत कई पर्वतीय इलाकों में कई ट्रेकर फंस गए।
जल एवं मौसम विज्ञान विभाग ने देश के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है, जिसके मद्देनजर अधिकारियों ने ट्रेकर और पर्वतारोहियों से सावधानी बरतने की अपील की है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
