पेशावर, छह सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के चित्राल जिले में दो सीमा चौकियों पर तालिबान आतंकवादियों के हमले में कम से कम चार पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। सेना ने यह जानकारी दी।
सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने कहा कि ‘आधुनिक हथियार लिए आतंकवादियों के एक बड़े समूह’ ने चित्राल जिले के कालाश इलाके में अफगानिस्तान सीमा के निकट स्थित दो सैन्य चौकियों पर हमला किया।
आईएसपीआर ने कहा कि गोलीबारी के दौरान चार सैनिक ‘बहादुरी से लड़े’ और शहीद हो गए।
आईएसपीआर के बयान में कहा गया है, ”मुठभेड़ के दौरान 12 आतंकवादी मारे गए, जबकि बड़ी संख्या में आतंकवादी गंभीर रूप से घायल हुए।”
प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमलों की जिम्मेदारी ली है।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.