ह्यूस्टन (अमेरिका), 16 अक्टूबर (भाषा) ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने दिवाली के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया।
बुधवार को ह्यूस्टन शहर के साथ साझेदारी में आयोजित इस कार्यक्रम में समुदाय के नेता, राजनयिक और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य एकत्रित हुए।
महावाणिज्य दूत डी सी मंजूनाथ और मेयर जॉन व्हिटमायर ने ह्यूस्टन सिटी हॉल में आयोजित समारोह का नेतृत्व किया, जिसमें निर्वाचित अधिकारियों, कांसुलर कोर के सदस्यों और सामुदायिक नेताओं ने भाग लिया।
अपने संबोधन में मेयर व्हिटमायर ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘मुझे सिटी हॉल में दिवाली समारोह में ह्यूस्टन के भारतीय समुदाय के साथ शामिल होने पर गर्व है। यह ऐसा त्योहार है जो हमें याद दिलाता है कि प्रकाश अंधकार पर विजय प्राप्त करता है, और विविधता में एकता हमारी ताकत है।’
महावाणिज्य दूत मंजूनाथ ने दिवाली की भावना को अपनाने के लिए मेयर और ह्यूस्टन शहर को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश, आशा और सद्भाव के इस त्योहार का संदेश ह्यूस्टन जैसे विविधतापूर्ण और गतिशील शहर में गहराई से गूंजता है। शाम को कथक नृत्य की प्रस्तुति हुई, जिसमें भारत की शास्त्रीय कलात्मक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
ह्यूस्टन अमेरिका में सबसे बड़ी भारतीय-अमेरिकी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
