scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमविदेशरक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पेंटागन में दिया गया विशिष्ट सम्मान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पेंटागन में दिया गया विशिष्ट सम्मान

Text Size:

वाशिंगटन, 11 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सोमवार को अमेरिका के रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन में तब विशिष्ट सम्मान दिया गया जब वह अपने अमेरिकी समकक्ष लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए वहां पहुंचे।

सिंह विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ सोमवार को भारत-अमेरिका 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में भाग लेने के लिए रविवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन पहुंचे। यह बाइडन प्रशासन के कार्यकाल में पहली 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता है जिसकी मेजबानी अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और ऑस्टिन ने की है।

पेंटागन में इसके नदी किनारे वाले ऐतिहासिक प्रवेश द्वार पर विशिष्ट सम्मान के बाद सिंह और ऑस्टिन ने भवन के अंदर प्रवेश किया जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों, व्यापार, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और रूस-यूक्रेन संघर्ष की पृष्ठभूमि में वैश्विक स्थिति पर चर्चा की।

विशिष्ट सम्मान बेहद खास अतिथियों को दिया जाता है। सामान्य सम्मान के तहत अतिथियों का पेंटागन की सीढ़ियों पर सम्मान किया जाता है और हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया जाता है। वहीं, विशिष्ट सम्मान के तहत दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए जाते हैं।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments