scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशचीन की सत्तारूढ़ पार्टी ने चिनफिंग के नेतृत्व का समर्थन किया, पांच साल की नयी योजना का समर्थन किया

चीन की सत्तारूढ़ पार्टी ने चिनफिंग के नेतृत्व का समर्थन किया, पांच साल की नयी योजना का समर्थन किया

Text Size:

बीजिंग, 23 अक्टूबर (भाषा) चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने बृहस्पतिवार को पार्टी और सेना के प्रमुख के रूप में राष्ट्रपति शी चिनफिंग के ‘‘महत्वपूर्ण’’ नेतृत्व की फिर से पुष्टि की और बड़े पैमाने पर शीर्ष सैन्य अधिकारियों को निष्कासित किए जाने तथा अधिक लचीले घरेलू बाजार के लिए नयी पांच-वर्षीय योजना का समर्थन किया।

यह घोषणा चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के 370 सदस्यीय निकाय ‘प्लेनम’ की सोमवार से बृहस्पतिवार तक हुई बैठक के बाद की गई। बैठक में पार्टी और देश से शी के पीछे एकजुट होने का आह्वान किया गया।

शी (72) का यह तीसरा कार्यकाल है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ज्यादा शुल्क लगाने और उसके परिणामस्वरूप वैश्विक व्यापार पर उत्पन्न तनाव के प्रभाव को दूर करने के लिए अधिक लचीले घरेलू बाजार के निर्माण एवं अधिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए एक नयी 5-वर्षीय योजना का भी बैठक में समर्थन किया गया।

बैठक के अंत में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस सत्र में पार्टी, सेना और सभी जातीय समूहों के चीनी लोगों से शी चिनफिंग को केंद्र में रखकर पार्टी केंद्रीय समिति के इर्द-गिर्द और अधिक एकजुट होने का आह्वान किया गया।

एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में ट्रंप और शी के बीच संभावित बैठक से पहले यह अधिवेशन हुआ है।

एपेक शिखर सम्मेलन 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाला है।

ट्रंप और चिनफिंग की मुलाकात ऐसे समय होने की संभावना है, जब अमेरिका द्वारा आवश्यक दुर्लभ-खनिजों के निर्यात को रोकने के चीन के कदम, तथा बीजिंग द्वारा आवश्यक सेमीकंडक्टर चिप्स को रोकने के वाशिंगटन के कदम को लेकर गतिरोध है।

बयान में कहा गया कि अधिवेशन में चीनी सेना के दूसरे नंबर के जनरल ही वेइदोंग के साथ ही आठ अन्य शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त करने को भी मंजूरी दी गई, जिन्हें भ्रष्टाचार, अनुशासन के उल्लंघन और कदाचारों के लिए सेना और पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

अधिवेशन में सेना के भ्रष्टाचार-विरोधी प्रमुख झांग शेंगमिन को जनरल वेइदोंग की जगह नियुक्त किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि झांग को केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के उपाध्यक्ष के पद पर पदोन्नत किया गया है। शी सीएमसी के अध्यक्ष हैं और जनरल झांग यूक्सिया इस निकाय के एक अन्य उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

अधिवेशन से पहले, चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल झांग शियाओगांग ने कहा कि दो शीर्ष जनरल के अलावा, सात पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को भी सीपीसी और सेना से निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासित सात अधिकारी सेना में प्रमुख पदों पर आसीन तीन-सितारा जनरल थे।

दिसंबर 2012 में शी द्वारा सीपीसी का नेतृत्व संभालने के बाद से, उनके निरंतर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है और दंडित किया गया है, जिसके बारे में आलोचकों का कहना है कि इससे सेना और पार्टी दोनों में उनका नेतृत्व प्रभावी रूप से मजबूत हुआ है।

बैठक में वर्तमान पंचवर्षीय योजना की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए, नयी 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) का भी समर्थन किया गया। बैठक में कहा गया कि यह नयी योजना महत्वपूर्ण होगी क्योंकि देश 2035 तक आधुनिकीकरण की दिशा में अपनी नींव को मज़बूत करने और सभी मोर्चों पर आगे बढ़ने के लिए काम कर रहा है। यह योजना अतीत और भविष्य के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगी।

बयान के अनुसार, वर्तमान में, चीन विकास के ऐसे दौर में है जहां जोखिम और चुनौतियों के साथ-साथ रणनीतिक अवसर भी मौजूद हैं, जबकि अनिश्चितताएं और अप्रत्याशित कारक बढ़ रहे हैं। नयी योजना अवधि के दौरान, देश को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में और अधिक आत्मनिर्भरता और शक्ति प्राप्त करनी चाहिए तथा नयी, गुणवत्तापूर्ण उत्पादक शक्तियों के विकास को गति देनी चाहिए। उसे एक मज़बूत घरेलू बाज़ार का निर्माण करना चाहिए और विकास के एक नए स्वरूप को बढ़ावा देने के लिए तेज़ी से काम करना चाहिए।

सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार चीन की अर्थव्यवस्था 4.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है, जो पिछली तिमाहियों की तुलना में इस वर्ष की सबसे धीमी गति है।

भाषा आशीष संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments