scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान की उपलब्धियों से चीन ‘बेहद प्रसन्न’ है : शी चिनफिंग

पाकिस्तान की उपलब्धियों से चीन ‘बेहद प्रसन्न’ है : शी चिनफिंग

Text Size:

(के जे एम वर्मा)

बीजिंग, 23 मार्च (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान की सामाजिक विकास क्षेत्र उपलब्धियों से बीजिंग “वास्तव में प्रसन्न” है।

चिनफिंग ने यह टिप्पणी पाकिस्तान दिवस के अवसर पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को भेजे संदेश में की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार और जनता ने लंबे समय से राष्ट्रीय संप्रभुता, स्वतंत्रता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय गरिमा की दृढ़ता से रक्षा की है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने विभिन्न जोखिमों और चुनौतियों का सामना करते हुए राष्ट्रीय विकास को आगे बढ़ाया है और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता तथा विकास में योगदान दिया है।

चिनफिंग ने दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा, ‘‘एक घनिष्ठ मित्र के रूप में चीन, पाकिस्तान की विकास उपलब्धियों से अत्यंत प्रसन्न है।’’

उन्होंने कहा कि इस वर्ष चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत और चीन-पाकिस्तान कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है। चिनफिंग ने उम्मीद जताई कि दोनों देश पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाते हुए रणनीतिक संवाद और विकास रणनीतियों के समन्वय को मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि चीन नए युग में साझा भविष्य वाले और अधिक घनिष्ठ चीन-पाकिस्तान समुदाय के निर्माण के लिए तैयार है, जिससे दोनों देशों के लोगों को अधिक लाभ मिलेगा।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments