ओटावा, 24 अक्टूबर (भाषा) ‘कनाडा पोस्ट’ ने देश के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने का जश्न मनाने के लिए दिवाली की थीम पर आधारित एक नया डाक टिकट जारी किया है।
ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में दिवाली के उपलक्ष्य में पारंपरिक रंगोली वाला डाक टिकट जारी करने के लिए ‘कनाडा पोस्ट’ का आभार जताया।
‘कनाडा’ पोस्ट ने एक बयान में कहा, “दीपावली न सिर्फ कनाडा, बल्कि दुनियाभर में हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों और अन्य समुदायों द्वारा मनाया जाने वाला एक प्रमुख त्योहार है तथा इस अवसर पर देश की सांस्कृतिक विविधता को मान्यता देते हुए एक डाक टिकट जारी कर हमें गर्व महसूस हो रहा है।”
बयान में रंगोली के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए इन्हें रचनात्मकता की अभिव्यक्ति और स्वागत का शानदार जरिया बताया गया है। इसमें कहा गया है, “रंगोली कला का सुंदर नमूना है। दिवाली पर अक्सर अनाज, फूलों की पंखुड़ियों, रंगीन रेत या चावल की मदद से कमरों, आंगन और प्रवेश द्वार पर सुंदर रंगोली उकेरी जाती है।”
‘कनाडा पोस्ट’ देश की प्रमुख डाक सेवा प्रदाता कंपनी है। यह 2017 से हर साल दिवाली की थीम पर आधारित डाक टिकट जारी करती आई है। 2025 में जारी डाक टिकट को भारतीय मूल की रितु कनाल ने तैयार किया है। इसमें रंगोली का एक चित्र शामिल किया गया है, साथ ही हिंदी और अंग्रेजी में ‘दिवाली’ शब्द लिखा गया है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
